नैनीताल क्राइम

रामनगर में पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़, कई राउंड फायरिंग

ख़बर शेयर करें

 

पुलिस की जवाबी कार्रवाई में वांछित अभियुक्त चंदन सागर के पैर में लगी गोली, अस्पताल में भर्ती


। रामनगर क्षेत्र में शनिवार रात पुलिस और एक वांछित अभियुक्त के बीच मुठभेड़ हो गई। अभियुक्त ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। पुलिस की गोली लगने से अभियुक्त चंदन सागर के दाहिने पैर में गोली लगी। घायल को उपचार के लिए संयुक्त चिकित्सालय रामनगर में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार, कोतवाली रामनगर में 11 अगस्त 2026 को दर्ज एफआईआर संख्या 252/2026 के तहत वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही थी। इसी क्रम में 15 अगस्त को पुलिस टीम को सूचना मिली कि मामले में वांछित चंदन सागर पुत्र स्व. छत्रपाल सिंह, निवासी शिवलालपुर लूटाबड़, रामनगर अपने घर पर मौजूद है।

सूचना पर पुलिस टीम उसकी गिरफ्तारी के लिए पहुंची, लेकिन पुलिस की भनक लगते ही चंदन सागर मोटरसाइकिल से फरार हो गया। पुलिस ने उसका पीछा किया। हाथीडगर के पास फॉरेस्ट चौकी के समीप अभियुक्त ने तमंचे से पुलिस टीम पर एक राउंड फायर कर दिया और मालधन की ओर भाग निकला।

घटना की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी गई, जिसके बाद अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा। संयुक्त पुलिस टीम ने अभियुक्त की तलाश करते हुए उसे 64 नंबर गेट से मालधन जाने वाली सड़क के जंगल क्षेत्र में घेर लिया।

पुलिस का कहना है कि खुद को घिरा देखकर अभियुक्त ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से दोबारा दो राउंड फायर किए। इसके बाद पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें अभियुक्त के दाहिने पैर में गोली लग गई।

गोली लगने के बाद अभियुक्त पेड़ के नीचे गिर पड़ा। पुलिस ने तत्काल उसे सरकारी वाहन से संयुक्त चिकित्सालय रामनगर पहुंचाया, जहां उसका उपचार कराया जा रहा है।

पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से बरामद हथियार और घटना में प्रयुक्त अन्य सामग्री के संबंध में कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।

नैनीताल पुलिस ने स्पष्ट किया है कि पुलिस टीम पर हमला करने और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *