क्राइम नैनीताल

पत्नी की पीट-पीटकर हत्या करने वाला फरार आरोपी गिरफ्तार, खनस्यूं पुलिस ने भेजा जेल

Advertisement

पत्नी की पीट-पीटकर हत्या करने वाला फरार आरोपी गिरफ्तार, खनस्यूं पुलिस ने भेजा जेल

नैनीताल। थाना खनस्यूं क्षेत्र के ग्राम तल्ला ओखलकांडा में पत्नी की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या करने के मामले में फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, 22 अगस्त 2026 को थाना खनस्यूं पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम तल्ला ओखलकांडा निवासी भीम सिंह पुत्र मानसिंह ने अपनी पत्नी डिक्री देवी की डंडों व चम्मच आदि से पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना के समय मृतका के चारों बच्चे भी घर में मौजूद थे।

बताया गया कि पत्नी की हत्या करने के बाद आरोपी रात में घर पर ही सो गया। अगले दिन सुबह उसने अपने बच्चों को धमकाते हुए घटना के बारे में किसी को कुछ न बताने की बात कही और घर से फरार हो गया। मृतका के पिता गुमान सिंह की तहरीर पर थाना खनस्यूं में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की।

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस एवं हल्द्वानी से पहुंची फॉरेंसिक टीम ने क्षेत्राधिकारी भवाली के पर्यवेक्षण में घटनास्थल को सुरक्षित कर आवश्यक भौतिक साक्ष्य जुटाए।

डॉ. जगदीश चन्द्र, पुलिस अधीक्षक अपराध/यातायात नैनीताल तथा क्षेत्राधिकारी भवाली रविकांत सेमवाल के पर्यवेक्षण और थानाध्यक्ष खनस्यूं अनीस अहमद के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने आरोपी की तलाश में लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश और सुरागरसी-पतारसी की।

इसी क्रम में 24 अगस्त 2026 को आरोपी भीम सिंह को वडियाड लूगड़, काठगोदाम के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह घटना के समय शराब के नशे में था और उसे पत्नी के अवैध संबंध होने का शक था, जिसके चलते उसने उसके साथ मारपीट की और उसकी मृत्यु हो गई।

पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। मामले की विवेचना जारी है।

गिरफ्तार आरोपी:
भीम सिंह पुत्र मानसिंह, निवासी ग्राम तल्ला ओखलकांडा, थाना खनस्यूं, जनपद नैनीताल।

पुलिस टीम में शामिल: थानाध्यक्ष अनीस अहमद, चौकी प्रभारी ओखलकांडा उपनिरीक्षक कृष्णा गिरी, अपर उपनिरीक्षक नरेश कुमार, हेड कांस्टेबल महेश मर्तोलिया, हेड कांस्टेबल भूजेंद्र सिंह, कांस्टेबल राम सिंह राणा एवं कांस्टेबल जय किशन।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement