न्यूज

कुमाऊं विश्वविद्यालय की प्रो. गीता तिवारी को मिला ‘टीचर ऑफ द ईयर’ सम्मान, 110 शोध पत्रों से राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बनाई पहचान

कुमाऊं विश्वविद्यालय की प्रो. गीता तिवारी को मिला ‘टीचर ऑफ द ईयर’ सम्मान, 110 शोध पत्रों से राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बनाई पहचान

देहरादून में 7वें इंटरनेशनल साइंस एंड टेक्नोलॉजी फेस्टिवल के समापन समारोह में हुआ सम्मान; शिक्षा और शोध के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान को मिली राष्ट्रीय पहचान

नैनीताल। कुमाऊं विश्वविद्यालय के रसायन विज्ञान विभाग की प्रोफेसर डॉ. गीता तिवारी को शिक्षा एवं शोध के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रतिष्ठित ‘टीचर ऑफ द ईयर’ पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। देहरादून स्थित यूकॉस्ट के सेमिनार हॉल में आयोजित समारोह में उत्तराखंड शासन की प्रमुख सचिव मीनाक्षी सुंदरम, यूकॉस्ट के महानिदेशक प्रो. दुर्गेश पंत तथा उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. तृप्ता ठाकुर ने उन्हें यह सम्मान प्रदान किया।

दिव्या हिमगिरि, यूकॉस्ट, यूपीएस और ओएनजीसी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित सातवें देहरादून इंटरनेशनल साइंस एंड टेक्नोलॉजी फेस्टिवल के समापन समारोह में यह पुरस्कार प्रदान किया गया।

डॉ. गीता तिवारी ने नेट और गेट उत्तीर्ण करने के साथ पंतनगर विश्वविद्यालय से पीएचडी की उपाधि प्राप्त की है। वर्तमान में वह कुमाऊं विश्वविद्यालय के रसायन विज्ञान विभाग में प्रोफेसर के पद पर कार्यरत हैं। उनके अब तक 110 शोध पत्र राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय शोध पत्रिकाओं में प्रकाशित हो चुके हैं। इसके अलावा उनकी दो टेक्स्ट बुक और तीन संपादित पुस्तकें प्रकाशित हैं। वह 13 शोध परियोजनाएं पूर्ण कर चुकी हैं तथा उनके निर्देशन में 11 शोधार्थी पीएचडी पूरी कर चुके हैं।

शैक्षणिक एवं प्रशासनिक दायित्वों के निर्वहन में भी उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है। वह कुमाऊं विश्वविद्यालय में आईक्यूएसी की अपर निदेशक रह चुकी हैं तथा वर्तमान में डीएसबी परिसर के प्लेसमेंट सेल की निदेशक हैं। विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उन्होंने यूट्यूब पर 389 शैक्षणिक वीडियो भी तैयार किए हैं, जिन्हें विद्यार्थियों के बीच काफी लोकप्रियता मिली है।

डॉ. गीता तिवारी लंदन की लिनेन सोसाइटी की फेलो भी हैं। इससे पूर्व उन्हें एक्सीलेंस इन रिसर्च अवार्ड, यंग साइंटिस्ट अवार्ड, वूमेन साइंटिस्ट अवार्ड, देवभूमि उत्कृष्ट शिक्षा सेवा अवार्ड तथा मुख्यमंत्री उत्कृष्ट शोध प्रकाशन पुरस्कार सहित कई प्रतिष्ठित सम्मानों से नवाजा जा चुका है।

समारोह में पंतनगर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. कश्यप, यूपीएस के कुलपति डॉ. सुनील राय, डॉ. अजय सक्सेना, कुंवर राज अस्थाना, डॉ. डीपी उनियाल, डॉ. पीयूष गोयल, डॉ. नवीन जोशी, डॉ. ललित तिवारी और दीपा पाठक सहित अनेक शिक्षाविद एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

प्रो. गीता तिवारी की इस उपलब्धि से कुमाऊं विश्वविद्यालय और नैनीताल का गौरव बढ़ा है। उनका सम्मान शिक्षा, अनुसंधान और विद्यार्थियों के मार्गदर्शन के क्षेत्र में निरंतर उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों के लिए प्रेरणादायक है।

Advertisement