न्यूज

इस बार दो दिन मनाई जाएगी देवउठनी एकादशी, 20 और 21 नवंबर को व्रत की अलग-अलग तिथियां शैव संप्रदाय 20 तो वैष्णव संप्रदाय के श्रद्धालु 21 नवंबर को करेंगे व्रत, चार माह की योगनिद्रा के बाद जागेंगे भगवान विष्णु

इस बार दो दिन मनाई जाएगी देवउठनी एकादशी, 20 और 21 नवंबर को व्रत की अलग-अलग तिथियां

शैव संप्रदाय 20 तो वैष्णव संप्रदाय के श्रद्धालु 21 नवंबर को करेंगे व्रत, चार माह की योगनिद्रा के बाद जागेंगे भगवान विष्णु

नैनीताल। सनातन धर्म में विशेष धार्मिक महत्व रखने वाली प्रबोधिनी एकादशी यानी देवउठनी एकादशी इस बार दो दिन मनाई जाएगी। कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की एकादशी को मनाए जाने वाले इस पर्व पर इस वर्ष शैव और वैष्णव संप्रदाय के श्रद्धालु अलग-अलग तिथियों पर व्रत रखेंगे। शैव संप्रदाय के लोग 20 नवंबर को, जबकि वैष्णव संप्रदाय के श्रद्धालु 21 नवंबर को एकादशी का व्रत करेंगे।

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार देवउठनी एकादशी के दिन भगवान विष्णु चार माह की योगनिद्रा से जागते हैं। इसी के साथ चातुर्मास का समापन होता है और हिंदू धर्म में विवाह सहित अन्य मांगलिक कार्यों की शुरुआत मानी जाती है। इस एकादशी को हरिबोधिनी एकादशी के नाम से भी जाना जाता है।

20 नवंबर को सुबह 7:16 बजे से शुरू होगी तिथि

ज्योतिषाचार्य पंडित प्रकाश जोशी गेठिया, नैनीताल के अनुसार एकादशी तिथि 20 नवंबर को सुबह 7 बजकर 16 मिनट से प्रारंभ होगी। इस दिन पूर्वाभाद्रपद नक्षत्र सुबह 6 बजकर 56 मिनट तक रहेगा। वहीं चंद्रदेव मीन राशि में विराजमान रहेंगे।

सच्ची श्रद्धा और अटूट विश्वास का संदेश देती है एकादशी की कथा

प्रबोधिनी एकादशी से जुड़ी पौराणिक कथा के अनुसार प्राचीन काल में एक राजा के राज्य में सभी लोग एकादशी का व्रत रखते थे। यहां तक कि इस दिन पशुओं को भी अन्न नहीं दिया जाता था। एक दिन दूसरे राज्य का एक व्यक्ति नौकरी की तलाश में राजा के पास पहुंचा। राजा ने उसे नौकरी देने की सहमति तो दी, लेकिन शर्त रखी कि एकादशी के दिन उसे अन्न नहीं मिलेगा।

एकादशी के दिन जब उसे फलाहार दिया गया तो उसने भूख का हवाला देते हुए अन्न मांगा। उसके बार-बार आग्रह करने पर राजा ने उसे आटा, दाल और चावल दे दिए। वह व्यक्ति नदी किनारे पहुंचा और भोजन तैयार करने के बाद भगवान को भी भोजन के लिए आमंत्रित करने लगा। उसकी पुकार सुनकर भगवान विष्णु चतुर्भुज रूप में प्रकट हुए और उसके साथ भोजन किया।

अगली एकादशी पर उस व्यक्ति ने राजा से दोगुनी सामग्री मांगी। कारण पूछने पर उसने बताया कि उसके साथ भगवान भी भोजन करते हैं। राजा को उसकी बात पर विश्वास नहीं हुआ और वह स्वयं सच्चाई देखने के लिए उसके साथ नदी किनारे पहुंच गया।

उस दिन व्यक्ति ने भोजन तैयार कर भगवान को पुकारा, लेकिन काफी देर तक भगवान प्रकट नहीं हुए। अंततः उसने भगवान के दर्शन न होने पर नदी में प्राण त्यागने का संकल्प कर लिया। उसकी अटूट श्रद्धा और दृढ़ विश्वास देखकर भगवान विष्णु प्रकट हुए और उसके साथ भोजन किया। इसके बाद भगवान उसे अपने विमान में बैठाकर अपने धाम ले गए।

यह दृश्य देखकर राजा को भी आत्मज्ञान हुआ कि भगवान की भक्ति में केवल व्रत, उपवास और कर्मकांड ही नहीं, बल्कि मन की शुद्धता, सच्ची श्रद्धा और अटूट विश्वास सबसे महत्वपूर्ण हैं।

आलेख: ज्योतिषाचार्य पंडित प्रकाश जोशी, गेठिया, नैनीताल।

Advertisement