नैनीताल

ऑरेंज अलर्ट: नैनीताल में 9 जुलाई को भारी बारिश की चेतावनी, डीएम ने अधिकारियों को किया हाई अलर्ट

ख़बर शेयर करें

नैनीताल, 08 जुलाई। भारत मौसम विभाग, देहरादून द्वारा 9 जुलाई (गुरुवार) को जनपद नैनीताल में भारी वर्षा का ऑरेंज अलर्ट जारी किए जाने के बाद जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं।

डीएम ने निर्देशित किया है कि भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में सड़क पर मलबा या पेड़ गिरने की स्थिति में तत्काल कार्रवाई कर यातायात सुचारु कराया जाए। लोक निर्माण विभाग को संवेदनशील मोटर मार्गों पर जेसीबी मशीनों और कर्मचारियों की 24 घंटे तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी मुख्यालय पर उपलब्ध रहें और अपने मोबाइल फोन चौबीसों घंटे चालू रखें, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके। साथ ही राहत एवं बचाव कार्यों के लिए आवश्यक संसाधन और व्यवस्थाएं पहले से तैयार रखने के भी निर्देश दिए गए हैं।

जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि भारी बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें तथा मौसम और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

आपातकालीन सहायता के लिए संपर्क करें:

  • जिला आपदा नियंत्रण कक्ष: 05942-231178, 231179, 231181
  • मोबाइल: 8272080884
  • टोल फ्री: 1077

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *