

नैनीताल। उत्तराखंड के वरिष्ठ अधिवक्ता डीके शर्मा तीसरी बार बार काउंसिल ऑफ इंडिया (बीसीआई) के सदस्य निर्वाचित हुए हैं। बुधवार को हुए चुनाव में शर्मा को 26 में से 14 मत मिले, जबकि चंद्रशेखर जोशी को 12 मत प्राप्त हुए। शर्मा वर्तमान में बीसीआई के को-चेयरमैन भी हैं।
वहीं नवगठित बार काउंसिल ऑफ उत्तराखंड की कार्यकारिणी के चुनाव में देहरादून के अधिवक्ता राजवीर बिष्ट अध्यक्ष निर्वाचित हुए। अध्यक्ष पद पर राजवीर बिष्ट को 11, कुलदीप कुमार को 8 और योगेंद्र सिंह तोमर को 5 प्रथम वरीयता मत मिले, जबकि दो मत अवैध घोषित किए गए। सुशीला मेहता निर्विरोध उपाध्यक्ष चुनी गईं।
डीके शर्मा इससे पहले वर्ष 2004 से 2009 और 2018 से 2025 तक बीसीआई में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। वर्ष 2013 में उन्हें सीनियर एडवोकेट नामित किया गया था। वह उत्तराखंड सरकार के शासकीय अधिवक्ता एवं सीनियर एडिशनल एडवोकेट जनरल, उत्तराखंड हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष तथा ऊधमसिंह नगर जिला बार एसोसिएशन के संस्थापक अध्यक्ष भी रह चुके हैं।
कुछ माह पूर्व उत्तराखंड बार काउंसिल के चुनाव में 23 सदस्य निर्वाचित हुए थे। बाद में दो महिला अधिवक्ताओं को को-ऑप्ट सदस्य बनाए जाने के बाद बुधवार को बीसीआई सदस्य और उत्तराखंड बार काउंसिल की कार्यकारिणी के चुनाव हुए।
बीसीआई सदस्य का कार्यकाल पांच वर्ष, जबकि प्रदेश कार्यकारिणी का कार्यकाल एक वर्ष रहेगा। चुनाव के दौरान बार काउंसिल की आठ विभिन्न समितियों का भी गठन किया गया।
खबरी दाजू | हर खबर पर दाज्यू की नजर






