
नैनीताल, 6 अक्टूबर। कैंचीधाम में वीकेंड पर बढ़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए यातायात, पार्किंग और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने की कवायद तेज कर दी गई है। मंगलवार को जिला विकास प्राधिकरण सभागार में आयुक्त कुमाऊं एवं मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत ने अधिकारियों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
आयुक्त दीपक रावत ने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे होटल की अग्रिम बुकिंग कर ही कैंचीधाम आएं, ताकि भीड़ बढ़ने पर ठहरने को लेकर परेशानी न हो। उन्होंने वीकेंड पर सभी उपजिलाधिकारियों, सीओ, एआरटीओ और जिला पर्यटन अधिकारी को आपसी समन्वय के साथ यातायात एवं अन्य व्यवस्थाओं की लगातार समीक्षा करने के निर्देश दिए।
परिवहन विभाग को वीकेंड के दौरान टैक्सी बाइक की नियमित चेकिंग करने तथा विकास भवन पार्किंग और सेनिटोरियम में विभागीय बूथ स्थापित करने के निर्देश दिए गए। वहीं कैंचीधाम क्षेत्र में ओवररेटिंग पर रोक लगाने के लिए दुकानदारों को खाद्य एवं पेय पदार्थों की रेट लिस्ट प्रमुखता से प्रदर्शित करने को कहा गया।
शिप्रा नदी में स्नान पर रोक, हेड काउंट कैमरे लगाने के निर्देश
आयुक्त ने शिप्रा नदी में श्रद्धालुओं के नहाने पर रोक लगाने के निर्देश जिलाधिकारी को दिए। मंदिर समिति को वीकेंड पर आने-जाने वाले श्रद्धालुओं की संख्या पर नजर रखने के लिए हेड काउंट कैमरे लगाने को कहा गया। साथ ही मंदिर के गेटों को श्रद्धालुओं की आवाजाही के लिए 15 दिन के भीतर स्वचालित रूप से खोलने की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
बारापत्थर जाम पर भी मंथन, सड़कें होंगी गड्ढामुक्त
बैठक में नैनीताल के बारापत्थर क्षेत्र में वीकेंड पर लगने वाले जाम की समस्या पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों ने बताया कि टोल पास की कम चौड़ाई के कारण जाम की स्थिति बनती है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने वीकेंड पर जाम की स्थिति न बनने देने के निर्देश दिए।
आयुक्त ने जिले की सड़कों को जल्द गड्ढामुक्त करने के निर्देश भी दिए। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने बताया कि डामरीकरण और पैचवर्क का कार्य किया जा रहा है। आयुक्त ने सभी सड़क कार्यों को शीघ्र पूरा करने को कहा।
बैठक में आईजी कुमाऊं नवेदिता कुकरेती, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसई एनएच मनोहर सिंह, एसई लोनिवि राजेश पंत, आरटीओ (ई) अरविंद पांडे, एडीएम विवेक राय, प्राधिकरण सचिव मनीष कुमार सहित मंदिर समिति, व्यापारी संघ, टैक्सी यूनियन और केमू यूनियन के पदाधिकारी मौजूद रहे।
खबरी दाजू — हर खबर पर दाज्यू की नजर।






