न्यूज

गीजर मैकेनिक बनकर घर में की लाखों की चोरी, हल्द्वानी पुलिस ने 9 दिन में आरोपी को दबोचा; सोने के कड़े और 2.29 लाख बरामद

गीजर ठीक करने के बहाने घर में घुसा, अलमारी से उड़ाए सोने के कड़े; पुलिस ने आरोपी को दबोचा

हल्द्वानी में चोरी का खुलासा, पांच तोले के सोने के कड़े और 2.29 लाख रुपये बरामद; एसएसपी ने पुलिस टीम को किया पुरस्कृत

हल्द्वानी। घर में गीजर ठीक करने के बहाने पहुंचकर अलमारी से सोने के जेवर चोरी करने वाले आरोपी को हल्द्वानी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए करीब पांच तोले के दो सोने के कड़े और 2 लाख 29 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम को दो हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है।

पुलिस के अनुसार, गुरुनानकपुरा निवासी अतुल नागपाल ने 25 नवंबर को कोतवाली हल्द्वानी में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 17 नवंबर को आसिफ नाम का व्यक्ति उनके घर गीजर ठीक करने के बहाने आया था। इसी दौरान उसने घर की अलमारी से सोने के जेवर चोरी कर लिए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने घटना का शीघ्र खुलासा करने और आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक नगर हरबंस सिंह और क्षेत्राधिकारी लव शर्मा के पर्यवेक्षण में गठित टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और सुरागरसी-पतारसी के आधार पर आरोपी की पहचान की।

पुलिस ने 26 नवंबर को आसिफ पुत्र शमीम अहमद (33), निवासी लाइन नंबर-18, आजाद नगर, चोरगलिया रोड, बनभूलपुरा को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ और बरामदगी के दौरान उसके कब्जे से दो पीली धातु के कड़े (करीब पांच तोले) तथा 2.29 लाख रुपये नकद बरामद हुए। पुलिस के मुताबिक, नकदी चोरी किए गए आभूषण बेचकर प्राप्त धनराशि से संबंधित है। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में बीएनएस की धारा 317(2) भी बढ़ाई गई है।

कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक कृपाल सिंह, कांस्टेबल विजय भारद्वाज और कांस्टेबल सतवीर सिंह शामिल रहे। पुलिस टीम की सराहनीय कार्रवाई पर एसएसपी ने दो हजार रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।

खबरी दाजू | Khabri Daju.com
हर खबर पर दाज्यू की नजर।

Advertisement