नैनीताल न्यूज

वल्दियाखान में सड़क पर विशाल चीड़ का पेड़ गिरने से यातायात ठप हो गया। मौके से गुजर रहे कुमाऊँ आयुक्त दीपक रावत ने स्वयं संभाला मोर्चा

ख़बर शेयर करें

नैनीताल, 2 अगस्त। हल्द्वानी-नैनीताल राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार दोपहर वल्दियाखान क्षेत्र में अचानक चीड़ का एक विशाल पेड़ सड़क पर गिर जाने से यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। इसी दौरान मार्ग से गुजर रहे कुमाऊँ आयुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने मौके पर रुककर स्थिति का जायजा लिया और तत्काल जिला आपदा प्रबंधन, पुलिस तथा प्रशासनिक अधिकारियों को फोन कर पेड़ हटाने और यातायात शीघ्र सुचारू कराने के निर्देश दिए।

मार्ग अवरुद्ध होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। आयुक्त दीपक रावत ने सड़क पर फंसे यात्रियों से धैर्य बनाए रखने की अपील करते हुए भरोसा दिलाया कि जल्द ही पेड़ हटाकर यातायात सामान्य कर दिया जाएगा।

इस दौरान कुछ बाइक और दोपहिया वाहन चालक पेड़ के किनारे और नीचे से जबरदस्ती निकलने का प्रयास कर रहे थे। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आयुक्त ने स्वयं उन्हें रोकते हुए समझाया कि ऐसी जल्दबाजी किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। उन्होंने सभी यात्रियों से अपील की कि आपात स्थिति में संयम बरतें और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।

प्रशासन की त्वरित कार्रवाई के बाद पेड़ हटाने का कार्य शुरू कराया गया। घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि या अन्य नुकसान की सूचना नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *