नैनीताल दुर्घटना

तल्लीताल टैक्सी स्टैंड के पीछे गहरी खाई में गिरा चालक, मौत

ख़बर शेयर करें

नैनीताल-हल्द्वानी मार्ग स्थित टैक्सी स्टैंड के पीछे गहरी खाई में गिरा चालक, मौत

नैनीताल। नैनीताल-हल्द्वानी मार्ग पर स्थित टैक्सी स्टैंड के पीछे बुधवार रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। टैक्सी स्टैंड के पिछले हिस्से में करीब 50 फीट गहरी खाई में गिरने से टैक्सी चालक मनोज जैन की मौत हो गई। घटना के बाद टैक्सी चालकों और स्थानीय लोगों में शोक की लहर है।

बताया गया कि मनोज जैन पिछले करीब 25 वर्षों से टैक्सी चालक के रूप में कार्य कर रहे थे और अधिकांश समय इसी टैक्सी स्टैंड पर रहते थे। बुधवार रात करीब 10 बजे वह स्टैंड से लापता हो गए थे। उनका मोबाइल फोन स्टैंड पर ही मिला।

गुरुवार सुबह टैक्सी स्टैंड की ड्यूटी पर मौजूद लोगों ने जब मनोज जैन के लापता होने की जानकारी साथी टैक्सी चालकों को दी तो उनकी तलाश शुरू की गई। खोजबीन के दौरान टैक्सी स्टैंड के पीछे करीब 50 फीट गहरी खाई में मनोज जैन मृत अवस्था में मिले।

सूचना मिलते ही तल्लीताल कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। टैक्सी चालकों और पुलिस की मदद से शव को खाई से बाहर निकाला गया और बीडी पांडे अस्पताल भेजा गया, जहां शव को मोर्चरी में रखा गया है।

तल्लीतल कोतवाल  ने बताया कि चालक के खाई में गिरने की घटना की जांच की जाएगी। मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। परिजनों के पहुंचने के बाद पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जाएगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *