जनहित नैनीताल

कैंचीधाम वीकेंड पर ट्रैफिक प्लान लागू, भारी वाहनों पर 20 घंटे रोक; टैक्सी-बाइक की आवाजाही भी प्रतिबंधित

Advertisement

कैंचीधाम वीकेंड पर ट्रैफिक प्लान लागू, भारी वाहनों पर 20 घंटे रोक; टैक्सी-बाइक की आवाजाही भी प्रतिबंधित

10 और 11 अक्टूबर को बदले रहेंगे रूट, भीमताल और भवाली में पार्किंग से शटल सेवा के जरिए पहुंचेंगे श्रद्धालु

नैनीताल। वीकेंड पर कैंचीधाम में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संभावित भीड़ को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने 10 और 11 अक्टूबर के लिए विशेष यातायात एवं डायवर्जन प्लान जारी किया है। कैंचीधाम, भवाली और भीमताल क्षेत्र में यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए भारी वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी, जबकि पहाड़ और मैदानी क्षेत्रों के बीच आने-जाने वाले वाहनों के रूट भी बदले गए हैं।


पुलिस के अनुसार, दोनों दिन सुबह तीन बजे से रात 11 बजे तक सभी प्रकार के भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। भारी वाहनों को जनपद की सीमा पर ही रोका जाएगा। वहीं, केमू बसों, निजी बसों और चौपहिया वाहनों के लिए सुबह पांच बजे से रात आठ बजे तक विशेष यातायात व्यवस्था लागू रहेगी।

पहाड़ और मैदान के लिए बदले रूट

अल्मोड़ा, जागेश्वर, बागेश्वर और पिथौरागढ़ से मैदानी क्षेत्रों की ओर जाने वाले वाहन लमगड़ा, धानाचूली, धारी, खुटानी बैंड और भीमताल होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे। रानीखेत से मैदान जाने वाले वाहनों को क्वारब, ओड़ाखान, रामगढ़, खुटानी बैंड और भीमताल के रास्ते भेजा जाएगा।

हल्द्वानी और काठगोदाम से अल्मोड़ा, जागेश्वर, बागेश्वर तथा पिथौरागढ़ जाने वाले वाहन खुटानी बैंड से भीमताल, धारी और धानाचूली बैंड होते हुए जाएंगे। काठगोदाम से रानीखेत जाने वाले वाहनों को खुटानी से मुक्तेश्वर और रामगढ़ की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

दो पार्किंग स्थलों से मिलेगी शटल सेवा

भीमताल की ओर से कैंचीधाम जाने वाले बाहरी पर्यटकों के निजी वाहन विकास भवन पार्किंग, भीमताल में खड़े कराए जाएंगे। यहां से श्रद्धालुओं को स्थानीय शटल सेवा से भवाली और कैंचीधाम मंदिर तक पहुंचाया जाएगा। वहीं, गेठिया और नैनीताल की ओर से आने वाले पर्यटकों के वाहन भवाली सेनिटोरियम पार्किंग में पार्क कराए जाएंगे। यहां से भी मंदिर के लिए शटल सेवा संचालित होगी।

कैंचीधाम और नैनीताल में टैक्सी-बाइक प्रतिबंधित

वीकेंड के दौरान कैंचीधाम क्षेत्र और नैनीताल में टैक्सी एवं दोपहिया वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। पुलिस ने पर्यटकों और स्थानीय नागरिकों से निर्धारित रूट का पालन करने, निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने तथा यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है।

खबरी दाजू डॉट कॉम | हर खबर पर दाज्यू की नजर।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement