कुमाऊं विश्वविद्यालय की डॉ. रूबी सिंह ने पूरी की डी.लिट. की अंतिम मौखिक परीक्षा
स्टैनफोर्ड की शीर्ष 2 प्रतिशत वैज्ञानिकों की सूची में भी शामिल हैं डॉ. रूबी सिंह, 127 शोधपत्र अंतरराष्ट्रीय जर्नल्स में प्रकाशित
नैनीताल। कुमाऊं विश्वविद्यालय के एमबीए विभाग की शोधार्थी डॉ. रूबी सिंह ने डी.लिट. की अंतिम मौखिक परीक्षा पूर्ण कर ली है। ऑनलाइन माध्यम से आयोजित परीक्षा में दून विश्वविद्यालय के प्रोफेसर एचसी पुरोहित और दयालबाग, आगरा की प्रोफेसर सुमिता श्रीवास्तव विशेषज्ञ के रूप में शामिल रहे। परीक्षा विभागाध्यक्ष प्रोफेसर एलके सिंह की देखरेख में संपन्न हुई।
डॉ. रूबी सिंह ने ‘ए फ्रेमवर्क ऑफ ह्यूमन रिसोर्स मैनेजमेंट फॉर डिजिटल सर्कुलर इकोनॉमी’ विषय पर डी.लिट. के लिए शोध कार्य किया। इस शोध में विभाग के डीन प्रोफेसर अमित जोशी उनके मेंटर रहे।
डॉ. रूबी सिंह वर्ष 2025-26 के लिए स्टैनफोर्ड द्वारा जारी शीर्ष दो प्रतिशत वैज्ञानिकों की सूची में भी शामिल हैं। उनके 127 शोधपत्र क्यू-1 और क्यू-2 श्रेणी की शोध पत्रिकाओं में प्रकाशित हो चुके हैं। इसके अलावा, स्प्रिंगर नेचर, एमराल्ड, वालेया और टेलर एंड फ्रांसिस जैसे प्रकाशकों के माध्यम से उनकी 40 पुस्तकें प्रकाशित होने की जानकारी दी गई है।
शोध क्षेत्र में उनकी उपलब्धियों का अंदाजा उनके साइटेशन और एच-इंडेक्स से लगाया जा सकता है। उनके स्कोपस प्रोफाइल पर एच-इंडेक्स 24 और 1,470 साइटेशन, जबकि गूगल स्कॉलर पर एच-इंडेक्स 31 और 2,900 साइटेशन दर्ज हैं। वह तुर्किये और वियतनाम की अकादमिक यात्राएं भी कर चुकी हैं।
डॉ. रूबी सिंह की उपलब्धि पर कूटा अध्यक्ष प्रोफेसर ललित तिवारी, एलुमनी सेल अध्यक्ष डॉ. बीएस कालाकोटी, डॉ. जीसी जोशी, ज्योति कांडपाल, डॉ. मीना, डॉ. निशा और डॉ. भावना सहित कूटा परिवार के सदस्यों ने उन्हें बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
खबरी दाजू समाचार | हर खबर पर दाज्यू की नजर






