गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों की मदद को आगे आया होटल एसोसिएशन, ₹90 हजार की आर्थिक सहायता
नैनीताल। नैनीताल होटल एवं रेस्टोरेंट्स एसोसिएशन ऑफ नैनीताल ने सामाजिक सरोकार निभाते हुए गंभीर बीमारियों से जूझ रहे दो मरीजों के उपचार के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की। एसोसिएशन की ओर से दोनों परिवारों को कुल ₹90 हजार की मदद दी गई।
एसोसिएशन के अध्यक्ष दिग्विजय बिष्ट, महासचिव वेद साह, भानु प्रताप साह, डी.एस. जीना, प्रीति सेठी, हर्षलीन कौर, दीपक बोरा और कमल की ओर से यह सहायता प्रदान की गई।
गेठिया निवासी प्रीति पंत, जो स्तन कैंसर की चौथी स्टेज से जूझ रही हैं और वर्तमान में एम्स दिल्ली में उपचार करा रही हैं, को एसोसिएशन की ओर से ₹40 हजार की आर्थिक सहायता दी गई। यह राशि उनकी बहन हेमा जोशी की मौजूदगी में प्रदान की गई।
वहीं, नैनीताल के अयारपाट्टा निवासी संदीप की दो वर्षीय पुत्री शिवांगी के इलाज के लिए ₹50 हजार की सहायता राशि दी गई। शिवांगी ल्यूकीमिया जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रही हैं और उनका उपचार एम्स ऋषिकेश में चल रहा है।
एसोसिएशन पदाधिकारियों ने कहा कि गंभीर बीमारी के दौरान इलाज का खर्च परिवारों के लिए बड़ी चुनौती बन जाता है। ऐसे कठिन समय में आर्थिक सहयोग मरीजों और उनके परिजनों को राहत देने के साथ उनका हौसला भी बढ़ाता है। एसोसिएशन ने भविष्य में भी जरूरतमंद और गंभीर बीमारी से पीड़ित लोगों की सहायता के लिए सामाजिक जिम्मेदारी निभाने की बात कही।
होटल एवं रेस्टोरेंट्स एसोसिएशन की इस पहल को स्थानीय लोगों ने सराहनीय कदम बताते हुए इसकी प्रशंसा की।
