
नैनीताल। ज्योलीकोट एवं सरियाताल क्षेत्र में दूषित पानी से डायरिया और पीलिया की बीमारी फैलने तथा दो लोगों की मौत के बाद क्षेत्रीय विधायक सरिता आर्या ने प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता दिलाने के प्रयास तेज कर दिए हैं। विधायक ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर पीड़ित परिवारों और उपचाराधीन ग्रामीणों के लिए तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की।
विधायक ने दिवंगत रितेश जीना एवं नीमा जोशी के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री से दोनों शोकाकुल परिवारों को एक-एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का अनुरोध किया। वहीं विभिन्न अस्पतालों में उपचार करा रहे ग्रामीणों के बेहतर इलाज एवं देखभाल के लिए 50-50 हजार रुपये की सहायता उपलब्ध कराने की मांग भी रखी।
विधायक सरिता आर्या ने कहा कि संकट की इस घड़ी में प्रभावित परिवारों को यह भरोसा दिलाना जरूरी है कि शासन-प्रशासन और जनप्रतिनिधि उनके साथ खड़े हैं। उन्होंने इसे केवल औपचारिक सहायता नहीं, बल्कि पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना और जिम्मेदारी बताया।
स्वास्थ्य एवं पेयजल व्यवस्था की समीक्षा
क्षेत्र में बीमारी की स्थिति को देखते हुए विधायक ने स्वास्थ्य विभाग और पेयजल निगम के अधिकारियों के साथ समीक्षा की। उन्होंने तत्काल मेडिकल कैंप लगाने, घर-घर जाकर मरीजों की स्क्रीनिंग करने तथा पेयजल स्रोतों की जांच और शुद्धिकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की लगातार निगरानी की जाए और किसी भी व्यक्ति में बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर उसे तत्काल उपचार उपलब्ध कराया जाए।
“जनस्वास्थ्य हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता”
विधायक सरिता आर्या ने कहा कि क्षेत्रवासियों का स्वास्थ्य और सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार प्रभावित क्षेत्रों में संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है। प्रयास है कि हर पीड़ित को समय पर बेहतर उपचार मिले और प्रभावित परिवारों को इस कठिन समय में हरसंभव सहयोग दिया जाए।
Follow करें — Page Ganesh Chandra Kandpal | Khabri Daju.com | हर खबर पर दाज्यू की नजर।

