
हल्द्वानी, 8 सितंबर। रेलवे अतिक्रमण भूमि प्रकरण में 9 सितंबर को माननीय सर्वोच्च न्यायालय में प्रस्तावित निर्णय को लेकर नैनीताल पुलिस ने कानून-व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को कोतवाली बनभूलपुरा में अमन कमेटी के सदस्यों के साथ बैठक आयोजित कर क्षेत्र में शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर बैठक की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक अपराध/यातायात डॉ. जगदीश चन्द्र ने की। बैठक में रेलवे भूमि प्रकरण में आने वाले संभावित न्यायालयी निर्णय के मद्देनजर क्षेत्र की स्थिति और कानून-व्यवस्था को लेकर चर्चा की गई।
पुलिस अधिकारियों ने अमन कमेटी के सदस्यों से अपील की कि माननीय सर्वोच्च न्यायालय के निर्णय का सम्मान करते हुए उसका शांतिपूर्ण ढंग से पालन किया जाए। साथ ही किसी भी प्रकार की अफवाह, भ्रामक सूचना या सोशल मीडिया पर बिना पुष्टि की खबरों को प्रसारित नहीं करने की अपील की गई।
अमन कमेटी के सदस्यों ने भी क्षेत्र में शांति, भाईचारा और आपसी सौहार्द बनाए रखने तथा पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने पर सहमति जताई।
बैठक में एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, अपर पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार सैनी, क्षेत्राधिकारी भवाली रविकांत सेमवाल, प्रभारी निरीक्षक बनभूलपुरा दिनेश फर्त्याल सहित अमन कमेटी के सदस्य विक्की खान, जकरिया पठान, जावेद वारसी, मोहम्मद नबी, सलमान सिद्दीकी, अरमान खान, विजय फर्त्याल, अंकित पलड़िया, मोहम्मद शोएब, नफीस अहमद खान, प्रमोद, रूपेंद्र नगर, त्रिलोक सिंह और रवि गुप्ता समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
नैनीताल पुलिस ने स्पष्ट किया कि किसी भी स्थिति में कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वाली गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस ने सभी नागरिकों से संयम बनाए रखने और न्यायालय के आदेशों का सम्मान करने की अपील की है।
Follow करें — Page Ganesh Chandra Kandpal | Khabri Daju.com | हर खबर पर दाज्यू की नजर।






