मुख्यमंत्री से मिलने पहुंचे पुनीत टंडन को नहीं मिल पाया समय, प्रशासन-पुलिस पर रोके जाने का आरोप
नैनीताल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नैनीताल दौरे के दौरान माँ नयना देवी नैनीताल व्यापार मंडल के संस्थापक अध्यक्ष पुनीत टंडन ने लोअर मॉल रोड, सीवर व्यवस्था और व्यापारियों से जुड़े मुद्दों को लेकर मुख्यमंत्री से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपने का प्रयास किया। टंडन का आरोप है कि पुलिस और प्रशासन की व्यवस्था के चलते उन्हें मुख्यमंत्री से मिलने का अवसर नहीं मिल सका।
पुनीत टंडन के अनुसार, नयना देवी मंदिर में धार्मिक आयोजन एवं पूजा-अर्चना का कार्यक्रम होने के कारण उन्होंने मुख्यमंत्री से मिलने के लिए सेंट जोसेफ कॉलेज स्थित हेलीपैड जाने का निर्णय लिया। वहां उन्होंने शांति मेहरा, अरविंद पडियार, हुकुम सिंह समेत व्यापारियों के प्रतिनिधियों और भाजपा कार्यकर्ताओं से मुलाकात की।
टंडन का आरोप है कि मुख्यमंत्री के पहुंचने के समय करीब 10-12 पुलिसकर्मियों ने उन्हें बातचीत में उलझाए रखा और अन्य लोगों से अलग कर दिया, जिसके चलते वह मुख्यमंत्री तक अपनी बात नहीं पहुंचा सके। उन्होंने एडीएम विवेक राय से भी फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया। टंडन के मुताबिक, फोन पर उन्हें बताया गया कि मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर में सवार हो चुके हैं।
“नैनीताल के मुद्दों पर आवाज उठती रहेगी”
पुनीत टंडन ने कहा कि मुख्यमंत्री से आज मुलाकात नहीं हो पाई तो इससे उनके प्रयास रुकने वाले नहीं हैं। उन्होंने कहा कि वह आगे देहरादून जाकर मुख्यमंत्री से मुलाकात करेंगे और नैनीताल के प्रमुख मुद्दों को उनके सामने रखेंगे।
उन्होंने कहा कि लोअर मॉल रोड, सीवर व्यवस्था, शहर की बदहाली और व्यापारियों से जुड़े विषयों को लेकर आवाज उठाना जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक स्तर पर उनकी बात नहीं सुनी गई तो लोकतांत्रिक और कानूनी माध्यमों से संघर्ष जारी रखा जाएगा।
टंडन ने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर इन मुद्दों को उच्च न्यायालय और उच्चतम न्यायालय तक भी ले जाया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि नैनीताल और यहां के व्यापारियों के हितों के लिए उनका संकल्प पहले से अधिक मजबूत हुआ है।
उन्होंने आज के घटनाक्रम को माँ नयना देवी और नीब करौरी बाबा का आशीर्वाद बताते हुए कहा कि इससे उन्हें आगे संघर्ष करने की और शक्ति मिली है।
Follow करें — Page Ganesh Chandra Kandpal | Khabri Daju.com | हर खबर पर दाज्यू की नजर।






