
नंदा-सुनंदा की भक्ति में सराबोर नैनीताल, धामी बोले—विकास भी और विरासत भी
नैनीताल, 22 सितंबर। ऐतिहासिक नंदा देवी महोत्सव में मंगलवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने माँ नंदा-सुनंदा के दर्शन कर पूजा-अर्चना एवं आरती की और प्रदेश की सुख-शांति व समृद्धि की कामना की। मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं के साथ “जय श्रीराम” और “माँ नंदा देवी की जय” का जयघोष भी किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नंदा देवी महोत्सव उत्तराखंड की आस्था, संस्कृति और सदियों पुरानी लोक परंपराओं का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि सरकार “विकास भी और विरासत भी” के मंत्र के साथ देवभूमि को आगे बढ़ा रही है। मानसखंड मंदिर माला मिशन के तहत कुमाऊं के धार्मिक स्थलों का विकास किया जा रहा है, जिससे धार्मिक पर्यटन के साथ स्थानीय युवाओं को रोजगार और स्थानीय उत्पादों को बाजार मिलने के अवसर बढ़ेंगे।
उन्होंने कहा कि नैनीताल के समग्र विकास के लिए स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, पर्यटन और कनेक्टिविटी को मजबूत किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने सरकार की रोजगार एवं महिला सशक्तिकरण योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि अब तक 35 हजार युवाओं को सरकारी सेवाओं में अवसर मिला है तथा महिला स्वयं सहायता समूहों को पांच लाख रुपये तक के ब्याजमुक्त ऋण की व्यवस्था की गई है।
मुख्यमंत्री ने देवभूमि की भूमि, संस्कृति और पहचान के संरक्षण के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने महोत्सव के सफल आयोजन के लिए श्रीराम सेवक सभा, प्रशासन, पुलिस, स्वयंसेवकों और सभी सहयोगियों को बधाई दी।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक सरिता आर्या, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, मंडलायुक्त दीपक रावत, आईजी निवेदिता कुकरेती, डीएम ललित मोहन रायल, एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी, श्रीराम सेवक सभा अध्यक्ष मनोज शाह, महासचिव जगदीश बवाड़ी, प्रो. ललित तिवारी, पंडित भगवती प्रसाद जोशी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं श्रद्धालु मौजूद रहे।
Follow करें — Page Ganesh Chandra Kandpal | Khabri Daju.com | हर खबर पर दाज्यू की नजर।






