खेल नैनीताल

राष्ट्रीय NCR कप में हृतिका भट्ट ने जीता कांस्य, नैनीताल का बढ़ाया मान

Advertisement

राष्ट्रीय NCR कप में हृतिका भट्ट ने जीता कांस्य, नैनीताल का बढ़ाया मान

नैनीताल। ऑल सेंट्स कॉलेज, नैनीताल की कक्षा 4 की छात्रा एवं उभरती गोल्फ खिलाड़ी हृतिका भट्ट ने राष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित NCR कप–26वीं एमेच्योर एवं जूनियर गोल्फ टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए डी कैटेगरी में कांस्य पदक हासिल किया।

नोएडा स्थित जेपी ग्रीन्स विशटाउन में 23 से 25 सितंबर तक आयोजित प्रतियोगिता में देशभर से एमेच्योर एवं जूनियर गोल्फ खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। डी कैटेगरी में कुल 36 होल खेले गए, जिसमें प्रतिदिन 18 होल का मुकाबला हुआ। चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच हृतिका ने शानदार खेल कौशल, धैर्य और आत्मविश्वास का परिचय देते हुए तीसरा स्थान प्राप्त किया।

खास बात यह है कि हृतिका ने इसी वर्ष जून में डी कैटेगरी में प्रवेश किया है। महज कुछ महीनों के भीतर राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में पोडियम फिनिश हासिल करना उनके लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।

प्रतियोगिता में हृतिका के प्रदर्शन ने उनके निरंतर अभ्यास, मेहनत और गोल्फ के प्रति समर्पण को दर्शाया। उनकी इस उपलब्धि पर ऑल सेंट्स कॉलेज की प्रधानाचार्या, शिक्षकों, सहपाठियों, परिवार और शुभचिंतकों ने खुशी जताते हुए उन्हें बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

हृतिका की इस सफलता से नैनीताल के खेल जगत में भी खुशी का माहौल है। शुभचिंतकों ने उम्मीद जताई कि वह आने वाले समय में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर नैनीताल का नाम रोशन करेंगी।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement