
नैनीताल। भूमियाधार के पास शनिवार को एक स्कॉर्पियो वाहन करीब 50 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में वाहन चालक की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए। सूचना पर तल्लीताल पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान चलाया और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा।
पुलिस के अनुसार 3 अक्टूबर को डीसीआर के माध्यम से भूमियाधार के पास वाहन दुर्घटना की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही चौकी ज्योलीकोट से पुलिस टीम मौके पर पहुंची। दुर्घटनास्थल पर HR 36 AP 2156 नंबर की स्कॉर्पियो करीब 50 मीटर नीचे खाई में गिरी मिली। वाहन में चालक समेत पांच लोग सवार थे।
हादसे में देवदास पुत्र कर्मवीर (21), निवासी करनाल, हरियाणा की मौत हो गई। वहीं राहुल (22), रविंद्र (27), विनोद रणवीर (30) और विक्रम (34) घायल हुए। सभी घायल हरियाणा के करनाल एवं पानीपत क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। राहुल के कंधे और सीने में दर्द की शिकायत थी, जबकि अन्य घायलों को भी उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
रेस्क्यू अभियान में चौकी ज्योलीकोट के कांस्टेबल अनूप सिंह, कांस्टेबल मलकीत कंबोज और कांस्टेबल चालक प्रदीप कुमार शामिल रहे। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।






