
2027 से पहले नैनीताल में सियासी हलचल तेज, गांवों की चौखट तक पहुंचे डॉ. भुवन आर्य
नैनीताल। विधानसभा चुनाव 2027 से पहले नैनीताल विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं। भाजपा जिला कार्यकारिणी सदस्य डॉ. भुवन चंद्र आर्य ने एक बार फिर ग्रामीण क्षेत्रों में सक्रियता बढ़ाते हुए कोटाबाग और भीमताल ब्लॉक के विभिन्न गांवों में जनसंपर्क किया। गांव-गांव पहुंचकर ग्रामीणों, कार्यकर्ताओं और कर्मचारियों से संवाद का यह सिलसिला अब उनकी राजनीतिक गतिविधियों का प्रमुख हिस्सा बनता दिखाई दे रहा है। (Khabri Djau)
डॉ. आर्य ने पंगोट में बालम सिंह, प्रकाश जोशी, किशन दत्त, विशन पंत, ग्राम प्रधान दिनेश बुधलाकोटी, डुंगर राम और दीपक जोशी समेत ग्रामीणों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार की विकास योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों तक पहुंचाई।
इसके बाद महरोड़ा और दौनियाखान में ग्रामीणों ने डॉ. आर्य का स्वागत किया। जनसंवाद के दौरान ग्रामीणों ने लंबे समय से लंबित सड़क समस्या को प्रमुखता से उठाया। डॉ. आर्य ने समस्या को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित स्तर पर पैरवी कर समाधान कराने और सड़क निर्माण कार्य शुरू कराने का आश्वासन दिया।
ग्रामीणों की ओर से यह भी कहा गया कि महरोड़ा-दौनियाखान में पहली बार किसी विधायक प्रत्याशी ने पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनी हैं। कार्यक्रम में स्वतंत्रता सेनानी मोहन चंद्र त्रिपाठी, बूथ अध्यक्ष बसंत त्रिपाठी, जिला किसान मोर्चा महामंत्री लाल सिंह बिष्ट सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कर्मचारियों के मुद्दे पर भी सक्रियता
डॉ. भुवन चंद्र आर्य ने उत्तराखंड जैव प्रौद्योगिकी, पटवाडांगर में कर्मचारियों के साथ बैठक कर उनकी समस्याएं सुनीं। कर्मचारियों ने मानदेय बढ़ाने की मांग रखी। डॉ. आर्य ने कहा कि वह विभागीय मंत्री, मुख्यमंत्री और विभागीय सचिव के समक्ष कर्मचारियों की मांग को रखकर समाधान का प्रयास करेंगे।
इसके अलावा उन्होंने भीमताल ब्लॉक के मंगोली में भी जनसंपर्क किया और ग्राम प्रधान हेम बहुखंडी, बूथ अध्यक्ष चंदन कनवाल समेत स्थानीय लोगों और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की।ऐसे राजनीतिक माहौल में डॉ. भुवन चंद्र आर्य का लगातार ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचना, बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं से संवाद करना और स्थानीय समस्याओं को उठाना 2027 के चुनाव से पहले उनकी जमीनी राजनीतिक सक्रियता के रूप में देखा जा रहा है। हालांकि भाजपा ने 2027 के लिए नैनीताल सीट पर किसी प्रत्याशी की आधिकारिक घोषणा नहीं की है।
खबरी दाजू | हर खबर पर दाज्यू की नजर






