परमिट की शर्तें तोड़ने वालों पर नैनीताल पुलिस का शिकंजा, 73 वाहन सीज
258 चालान, पांच ड्राइविंग लाइसेंस/परमिट निरस्त, ₹47 हजार जुर्माना वसूला
नैनीताल। यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए नैनीताल पुलिस ने परमिट की शर्तों और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया। अभियान के दौरान पुलिस ने 258 चालान किए और 73 वाहनों को सीज किया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर चलाए गए अभियान का पर्यवेक्षण एसपी क्राइम/ट्रैफिक डॉ. जगदीश चंद्र ने किया। जिले के थाना प्रभारियों, यातायात निरीक्षकों, टीएसआई रामनगर और सीपीयू हल्द्वानी को नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे।
पुलिस के अनुसार सीज किए गए 73 वाहनों में 72 मोटरसाइकिल शामिल हैं। इसके अलावा पांच ड्राइविंग लाइसेंस/परमिट निरस्तीकरण की कार्रवाई की गई, जबकि कार्रवाई के दौरान 47 हजार रुपये संयोजन शुल्क वसूला गया।
क्षेत्रवार कार्रवाई में यातायात निरीक्षक हल्द्वानी ने नौ, यातायात निरीक्षक भीमताल/भवाली/कैंचीधाम ने नौ और सीपीयू हल्द्वानी ने 24 वाहन सीज किए। वहीं विभिन्न थाना क्षेत्रों में 224 नगद चालान किए गए।
नैनीताल पुलिस ने कहा कि यातायात नियमों एवं परमिट की शर्तों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस का उद्देश्य जिले में यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के साथ सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाना है।
खबरी दाजू | हर खबर पर दाज्यू की नजर







