₹1.24 करोड़ से सुधरेगी खुजेठी-पतलिया-बलना सड़क, मंत्री कैड़ा ने किया शिलान्यास
ओखलकांडा के कई गांवों को मिलेगी राहत, ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी होने की उम्मीद
भीमताल। ओखलकांडा ब्लॉक के खुजेठी-पतलिया-बलना मोटर मार्ग के सुधारीकरण और डामरीकरण का रास्ता साफ हो गया है। मंत्री राम सिंह कैड़ा ने ₹1 करोड़ 24 लाख की लागत से होने वाले कार्य का शिलान्यास कर शुभारंभ किया। सड़क खराब होने के कारण लंबे समय से परेशान ग्रामीणों को अब राहत मिलने की उम्मीद है।
मोटर मार्ग पर जगह-जगह गड्ढे होने से दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता था। वहीं, ग्रामीणों को कृषि उत्पाद मंडी तक पहुंचाने में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। ग्रामीणों ने मंत्री राम सिंह कैड़ा से सड़क पर डामरीकरण और सुधारीकरण कराने की मांग की थी। इसके बाद विभागीय स्तर पर प्रस्ताव तैयार कर शासन से बजट स्वीकृत कराया गया।
सड़क का सुधारीकरण होने से भीड़ापानी, खुजेठी, मटियाल, जोस्युड़ा, बलना, रौतेलाकोट, पंतोली और पतलिया सहित आसपास के गांवों के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। साथ ही किसानों को अपनी उपज मंडी तक पहुंचाने में भी राहत मिलने की उम्मीद है।
मंत्री कैड़ा ने कहा कि क्षेत्र के गांवों को सड़क सुविधा से जोड़ना और खराब मोटर मार्गों पर डामरीकरण कराना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागीय अधिकारियों को उनके समाधान के निर्देश भी दिए।
शिलान्यास कार्यक्रम में ग्रामीणों ने फूल-मालाओं और ढोल-नगाड़ों के साथ मंत्री का स्वागत किया। इस दौरान मंडल अध्यक्ष नरेश नयाल, देवेंद्र चौसाली, प्रताप पड़ियार, मनोज मोहना, महेंद्र धोनी, गणेश मेलकानी, भवान चौहान, लाल सिंह, किशन सिंह, विपिन चंद्र, रमेश सिंह, रमेश चंद्र और अर्जुन सिंह बर्गली सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।
खबरी दाजू समाचार विस्तार से












