नैनीताल, 4 नवंबर। आगामी उत्तराखंड विधानसभा चुनाव को लेकर नैनीताल सीट पर प्रत्याशियों की दावेदारी के बीच माँ नयना देवी नैनीताल व्यापार मंडल के संस्थापक अध्यक्ष पुनीत टंडन ने सभी राजनीतिक दलों से युवा, शिक्षित और योग्य चेहरे को मौका देने की अपील की है।
पुनीत टंडन ने कहा कि वर्तमान राजनीतिक और सामाजिक परिवेश में नैनीताल विधानसभा को ऐसे युवा नेतृत्व की आवश्यकता है, जो नई सोच, ऊर्जा और दूरदर्शिता के साथ क्षेत्र की समस्याओं को समझे और उनके समाधान के लिए प्रभावी ढंग से आवाज उठा सके।
उन्होंने कहा कि सभी राजनीतिक दलों को पार्टीगत सीमाओं से ऊपर उठकर प्रत्याशी चयन में युवाओं को प्राथमिकता देनी चाहिए। नैनीताल सीट से ऐसे पढ़े-लिखे, सक्षम और योग्य युवा चेहरे को टिकट दिया जाना चाहिए, जो अपनी बात मजबूती से रखने के साथ ही उसे अंजाम तक पहुंचाने का सामर्थ्य भी रखता हो।
टंडन ने कहा कि यह समय राजनीति में नई पीढ़ी को आगे लाने का है। युवा नेतृत्व को अवसर मिलने से नैनीताल सहित पूरे उत्तराखंड में विकास की नई सोच और नई कार्यशैली को बढ़ावा मिल सकता है। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से आगामी विधानसभा चुनाव में नैनीताल समेत प्रदेश की अन्य सीटों पर भी अधिक से अधिक युवा और शिक्षित चेहरों को अवसर देने का आग्रह किया।
उन्होंने उम्मीद जताई कि राजनीतिक दल इस सुझाव को गंभीरता से लेते हुए प्रत्याशी चयन में युवा नेतृत्व को प्राथमिकता देंगे। उनके अनुसार, यह निर्णय नैनीताल और उत्तराखंड के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में सकारात्मक कदम साबित हो सकता है



















