नैनीताल जनहित

चार्टन लॉज में अब नहीं सताएगा भूस्खलन का डर, करोड़ों की परियोजना पर शुरू हुआ काम

ख़बर शेयर करें

 

6.17 करोड़ की लागत से होगी पहाड़ी की सुरक्षा, विधायक सरिता आर्य ने किया शुभारंभ

नैनीताल। सितंबर 2023 में हुए भूस्खलन से प्रभावित मल्लीताल के चार्टन लॉज क्षेत्र में आखिरकार स्थायी उपचार कार्य का शुभारंभ हो गया है।  तीन वर्षों के लंबे इंतजार के बाद बुधवार को नैनीताल विधायक सरिता आर्य ने नारियल फोड़कर परियोजना का शुभारंभ किया।

करीब 6.17 करोड़ रुपये की लागत से संचालित इस परियोजना के तहत भूस्खलन प्रभावित पहाड़ी को सुरक्षित बनाने के लिए क्रिब वॉल, क्लैडिंग वॉल और सेल्फ ड्रिवन एंकरिंग जैसी आधुनिक तकनीकों का उपयोग किया जाएगा। परियोजना पूरी होने के बाद क्षेत्र में भूस्खलन के खतरे को काफी हद तक कम करने का लक्ष्य है।

गौरतलब है कि सितंबर 2023 में चार्टन लॉज क्षेत्र में हुए बड़े भूस्खलन में एक आवासीय भवन पूरी तरह ध्वस्त हो गया था, जबकि कई अन्य भवन क्षतिग्रस्त हुए थे। खतरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने 22 भवनों में रहने वाले 24 परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर विस्थापित किया था। तत्काल राहत के लिए पहाड़ी पर जीआई बैग की अस्थायी सुरक्षा दीवार बनाई गई थी, लेकिन स्थानीय लोग लंबे समय से स्थायी समाधान की मांग कर रहे थे।

घटना के बाद उत्तराखंड लैंडस्लाइड मिटिगेशन एंड मैनेजमेंट सेंटर (यूएलएमएमसी) ने विस्तृत भू-वैज्ञानिक सर्वेक्षण कर परियोजना की डीपीआर तैयार की। शासन से मंजूरी मिलने के बाद सिंचाई विभाग को कार्यदायी संस्था बनाया गया और टेंडर प्रक्रिया पूरी होने पर गुरुग्राम की एमएफबी जियोटेक प्राइवेट लिमिटेड को निर्माण कार्य सौंपा गया।

सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता ललित मोहन कश्यप के अनुसार निर्माण कंपनी की मशीनें मंगलवार शाम को ही मौके पर पहुंच गई थीं और बुधवार से कार्य शुरू कर दिया गया है। विधायक सरिता आर्य ने कहा कि परियोजना पूरी होने से चार्टन लॉज क्षेत्र के लोगों को लंबे समय से बने भय और असुरक्षा के माहौल से स्थायी राहत मिलेगी। उन्होंने निर्माण एजेंसी को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *