नैनीताल जनहित

बनभूलपुरा में प्रशासन का बुलडोजर, नालों पर बने 20 से अधिक अवैध अतिक्रमण ध्वस्त

ख़बर शेयर करें

हल्द्वानी। मानसून के दौरान जलभराव की समस्या से राहत दिलाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन और नगर निगम ने शनिवार को बनभूलपुरा क्षेत्र में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया। संयुक्त कार्रवाई के दौरान लाइन नंबर-1 स्थित ईदगाह के पास नालों पर बने 20 से अधिक पक्के अवैध निर्माणों को जेसीबी की मदद से ध्वस्त कर दिया गया।

सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी और नगर आयुक्त परितोष वर्मा के नेतृत्व में चले अभियान में प्रशासन और नगर निगम की संयुक्त टीम ने नालों पर किए गए अतिक्रमण हटाए। अधिकारियों के अनुसार इन अवैध निर्माणों के कारण बरसात में पानी की निकासी बाधित हो रही थी, जिससे क्षेत्र में जलभराव की समस्या लगातार बढ़ रही थी और लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।

प्रशासन ने बताया कि कार्रवाई से पहले अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी कर स्वयं निर्माण हटाने का अवसर दिया गया था, लेकिन तय समय सीमा के भीतर आदेश का पालन नहीं किए जाने पर शनिवार को बुलडोजर कार्रवाई की गई।

सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी ने कहा कि शहर की जल निकासी व्यवस्था में बाधा बनने वाले किसी भी अतिक्रमण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आम जनता की सुरक्षा और सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

नगर आयुक्त परितोष वर्मा ने कहा कि मानसून के दौरान जलभराव की समस्या से स्थायी राहत दिलाने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा। शहर के सभी प्रमुख नालों और सरकारी भूमि को चरणबद्ध तरीके से अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा।

प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे सार्वजनिक नालों, नालियों और सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न करें। चेतावनी दी गई है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। अभियान के दौरान प्रशासन और नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *