जनहित नैनीताल

पर्यटन सीजन में खाद्य सुरक्षा पर प्रशासन सख्त, होटल-रेस्तरां की होगी सघन जांच

Advertisement

 

नैनीताल, 25 जुलाई। पर्यटन सीजन के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर शनिवार को अपर जिलाधिकारी विवेक कुमार राय की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट में जिला स्तरीय स्टीयरिंग समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में खाद्य सुरक्षा विभाग की प्रवर्तन कार्रवाई, खाद्य नमूनों के संग्रह, प्रयोगशाला परीक्षण, लाइसेंस एवं पंजीकरण की स्थिति तथा अस्वच्छता से जुड़े मामलों की समीक्षा की गई।

अपर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि पर्यटन सीजन को देखते हुए सार्वजनिक स्थानों, होटल एवं रेस्तरां से अधिक संख्या में खाद्य नमूने लिए जाएं तथा खाद्य प्रतिष्ठानों के निरीक्षण और लाइसेंस-पंजीकरण अभियान में तेजी लाई जाए। उन्होंने लंबित प्रयोगशाला रिपोर्टों का शीघ्र निस्तारण करने और रिपोर्ट प्राप्त होने वाले मामलों में तत्काल वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि अस्वच्छ परिस्थितियों में भोजन तैयार करने, बिना लाइसेंस कारोबार करने, भ्रामक लेबल वाले खाद्य पदार्थ बेचने तथा नकली या निम्न गुणवत्ता की खाद्य सामग्री की बिक्री करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

अपर जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में खाद्य सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कराया जाएगा ताकि स्थानीय लोगों और पर्यटकों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके।

बैठक में सहायक आयुक्त (खाद्य) अजय सिंह रावत, खाद्य सुरक्षा अधिकारी मीनाक्षी बिष्ट, औषधि निरीक्षक अर्चना उप्पल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement