जनहित नैनीताल

एक बाइक पर पांच सवार पड़े भारी, वायरल वीडियो के बाद पुलिस ने ठोका ₹8,500 का चालान

Advertisement

एक बाइक पर पांच सवार पड़े भारी, वायरल वीडियो के बाद पुलिस ने ठोका ₹8,500 का चालान

यातायात नियमों की खुलेआम उड़ाईं धज्जियां, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होते ही हुई कार्रवाई

नैनीताल। नैनीताल में यातायात नियमों की अनदेखी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। राजभवन रोड पर एक बाइक पर एक-दो नहीं बल्कि पांच लोग सवार होकर सफर करते दिखाई दिए। इस खतरनाक करतब का वीडियो पीछे चल रहे लोगों ने बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो सामने आते ही पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए वाहन स्वामी के खिलाफ ₹8,500 का चालान किया।

जानकारी के अनुसार, यूके-04 वी-9080 नंबर की बाइक पर पांच लोग सवार होकर राजभवन रोड से गुजर रहे थे। यह न केवल यातायात नियमों का खुला उल्लंघन था, बल्कि चालक और सवार सभी की जान को भी गंभीर खतरे में डालने वाला था। वायरल वीडियो ने पुलिस का ध्यान आकर्षित किया, जिसके बाद जांच कर कार्रवाई की गई।

पुलिस ने जांच में वाहन स्वामी की पहचान अल्मोड़ा निवासी मयंक नारायण के रूप में की और मोटर वाहन अधिनियम के तहत ₹8,500 का चालान किया।

कोतवाल हरपाल सिंह ने बताया कि बाइक पर क्षमता से अधिक लोगों को बैठाकर यातायात नियमों का उल्लंघन किया गया था। वायरल वीडियो के आधार पर वाहन स्वामी के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ पुलिस का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अपनी और दूसरों की सुरक्षा के लिए यातायात नियमों का पालन करें तथा ऐसे खतरनाक स्टंट या ओवरलोडिंग से बचें।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement