मां के सम्मान में रोपे पौधे, प्रकृति संरक्षण का लिया संकल्प
नैनीताल। साह-चौधरी समाज, नैनीताल की ओर से रविवार को पर्यावरण संरक्षण को समर्पित ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत वृक्षारोपण कार्यक्रम-2026 आयोजित किया गया। होटल फेयर लाइट ट्रेल्स, टांकी बैंड, मल्लीताल में हुए कार्यक्रम में समाज के पदाधिकारियों, सदस्यों और गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत पौधारोपण से हुई, जिसमें तेजपत्ता, देवदार, उतिस, बांज और बेडू सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे गए। उपस्थित लोगों ने लगाए गए पौधों के संरक्षण और नियमित देखभाल का संकल्प लिया।
वक्ताओं ने कहा कि एक पौधा केवल वृक्ष नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ हवा और सुरक्षित भविष्य की आधारशिला है। उन्होंने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को पर्यावरण संरक्षण और भावनात्मक जुड़ाव का प्रभावी प्रयास बताया।
साह-चौधरी समाज के अध्यक्ष मनोज साह ने कहा कि समाज सामाजिक सरोकारों के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी प्राथमिकता दे रहा है। उन्होंने इसे सामूहिक जिम्मेदारी बताते हुए निरंतर प्रयास जारी रखने की बात कही।
सचिव शैलेन्द्र चौधरी ने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी जनहित और पर्यावरण से जुड़े कार्यक्रम जारी रखने की जानकारी दी।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने अभियान को जन-जन तक पहुंचाने और अधिक से अधिक पौधारोपण व संरक्षण के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर मनोज साह (मन दा), हितेश साह, अमिता साह, भारती साह, शैलेन्द्र चौधरी, मयंक साह, हर्षित साह, ममता साह, ज्योति चौधरी, अखिल साह, किशन लाल साह, मोहित लाल साह सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।
