नैनीताल न्यूज

आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ीं 20 महिलाएं, चार माह का ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण संपन्न

ख़बर शेयर करें

नैनीताल। नैनी महिला एवं बाल विकास समिति, सूखाताल द्वारा उत्तराखंड बहुउद्देशीय वित्त एवं विकास निगम के सहयोग से संचालित चार माह का ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण कार्यक्रम शुक्रवार को संपन्न हो गया। 27 मार्च से 31 जुलाई 2026 तक चले इस प्रशिक्षण में 20 महिलाओं और युवतियों ने भाग लेकर सौंदर्य एवं ब्यूटी पार्लर से जुड़े विभिन्न कार्यों का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त किया।

प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को आइब्रो, फेशियल, चेहरे की देखभाल, मसाज, मेनीक्योर, पेडीक्योर, ब्राइडल मेकअप, हेयर स्टाइलिंग और मेहंदी कला सहित कई तकनीकों का प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण मीनाक्षी बिष्ट द्वारा प्रदान किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को स्वरोजगार के लिए सक्षम बनाकर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना रहा।

समापन अवसर पर प्रतिभागियों की प्रतिभा परखने के लिए प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। दुल्हन सजाओ प्रतियोगिता में दीक्षा ने प्रथम, पिंकी ने द्वितीय और नेहा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं मेहंदी प्रतियोगिता में साक्षी प्रथम, ईशा द्वितीय तथा नीलम तृतीय स्थान पर रहीं। प्रतियोगिता की निर्णायक निर्मला चंद्रा रहीं।

संस्था की अध्यक्ष शैलजा सक्सेना ने कहा कि आज के समय में ब्यूटी पार्लर का क्षेत्र रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध करा रहा है। ऐसे प्रशिक्षण महिलाओं और युवतियों को स्वरोजगार के लिए प्रेरित करते हैं तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनने का मार्ग दिखाते हैं। उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य महिलाओं को कौशल विकास के माध्यम से आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है।

कार्यक्रम में विजय लक्ष्मी थापा, मोहिनी देवी, मंजू बिष्ट, भावना बगड़वाल, गीता बगड़वाल, हर्षिता मेहरा, लक्ष्मी सिंह सहित अनेक लोग मौजूद रहे। प्रशिक्षण में अनिशा, आशा, दीक्षा, हर्षिता, ईशा, नेहा, नीलम, पिंकी, रेणुका, साक्षी, दीपा, नेहा आर्या, अनीता सहित कुल 20 प्रतिभागियों ने भाग लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *