
नैनीताल। कुमाऊं विश्वविद्यालय के नवनियुक्त कुलपति प्रो. नवीन चंद्र लोहनी ने आज विश्वविद्यालय पहुंचकर कुलपति पद का अतिरिक्त कार्यभार ग्रहण किया। राजभवन की ओर से उन्हें कुमाऊं विश्वविद्यालय के कुलपति का अतिरिक्त दायित्व सौंपा गया है। प्रो. लोहनी वर्तमान में उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के कुलपति के रूप में कार्यरत हैं।
कार्यभार ग्रहण करने के अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. रजनीश पांडे ने पुष्पगुच्छ भेंट कर प्रो. लोहनी का स्वागत किया। इस दौरान विश्वविद्यालय के अधिकारियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने भी नवनियुक्त कुलपति का गर्मजोशी से अभिनंदन किया।
स्वागत करने वालों में प्रो. संजय पंत, प्रो. अमित जोशी, डॉ. नंदन बिष्ट, डॉ. एस.एस. बरगली, वित्त नियंत्रक कमलेश भंडारी, राकेश कुमार, डॉ. सावित्री कैरा, डॉ. शीर्ष मौर्य, डॉ. रीना सिंह, नवीन पनेर तथा डॉ. चंद्रकला रावत शामिल रहे।
वहीं कूटा अध्यक्ष प्रो. ललित तिवारी एवं डॉ. शिवांगी ने पुष्पगुच्छ भेंट करने के साथ ही शॉल ओढ़ाकर प्रो. लोहनी का स्वागत एवं अभिनंदन किया।
कार्यभार ग्रहण करने के बाद प्रो. लोहनी ने विश्वविद्यालय की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए विश्वविद्यालय के हित में समन्वय के साथ कार्य करने पर जोर दिया। उनके कार्यभार संभालने से विश्वविद्यालय के शिक्षकों एवं कर्मचारियों में भी नई उम्मीद जगी है।
प्रो. नवीन चंद्र लोहनी के अनुभव का लाभ कुमाऊं विश्वविद्यालय को शैक्षणिक गुणवत्ता, प्रशासनिक व्यवस्था और उच्च शिक्षा के क्षेत्र में नई दिशा देने में मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
