🌧️
ऑरेंज अलर्ट के चलते बड़ा फैसला: 31 अगस्त को नैनीताल में कक्षा 1 से 12 तक के सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद
नैनीताल, 30 अगस्त 2026।
मौसम विभाग द्वारा जनपद नैनीताल में 31 अगस्त सोमवार को ऑरेंज अलर्ट जारी किए जाने के बाद जिलाधिकारी एवं अध्यक्ष जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ललित मोहन रयाल ने छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को देखते हुए महत्वपूर्ण आदेश जारी किया है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार जिले में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा, गर्जन के साथ आकाशीय बिजली तथा वर्षा के तीव्र से अति तीव्र दौर की संभावना जताई गई है। लगातार हो रही बारिश के कारण नदियों, नालों और गधेरों में तेज जल प्रवाह तथा संवेदनशील क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा भी बना हुआ है।
🏫
31 अगस्त को रहेगा एक दिवसीय अवकाश
जिलाधिकारी के आदेश के अनुसार सोमवार 31 अगस्त 2026 को नैनीताल जिले के सभी शासकीय, अर्द्धशासकीय एवं निजी विद्यालयों में कक्षा 1 से 12 तक की कक्षाएं बंद रहेंगी। इसके साथ ही जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्र भी बंद रहेंगे।
विद्यालयों में कार्यरत प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापक, शिक्षक एवं कार्यालय स्टाफ के लिए भी इस दिन अवकाश अनुमन्य रहेगा।
⚠️ आवासीय विद्यालयों को आदेश से रखा गया बाहर
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि नैनीताल शहर क्षेत्र में संचालित ऐसे आवासीय शिक्षण संस्थानों एवं विद्यालयों पर यह आदेश लागू नहीं होगा, जहां विद्यार्थियों के लिए शैक्षणिक एवं आवासीय सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध हैं।
जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षाधिकारी नैनीताल एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी नैनीताल को निर्देश दिए हैं कि सभी संबंधित विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में आदेश का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए। आदेश का उल्लंघन होने पर संबंधित के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से संवेदनशील क्षेत्रों में जाने से बचने की अपील की है।
खबरी दाज्यू — हर खबर पर दाज्यू की नजर।
