बोट हाउस क्लब के चुनाव में डीके शर्मा का दबदबा कायम, चौथी बार संभालेंगे मानद सचिव की कमान
663 मतों के साथ सुमित जेठी रहे शीर्ष पर, जेएस सरना उपाध्यक्ष और मनीष सहगल व नदीम अहमद खान बने संयुक्त सचिव
नैनीताल। नैनीताल के प्रतिष्ठित बोट हाउस क्लब की नई कार्यकारिणी के गठन के साथ ही चुनावी तस्वीर साफ हो गई है। उत्तराखंड उच्च न्यायालय के वरिष्ठ अधिवक्ता डीके शर्मा ने एक बार फिर अपनी मजबूत पकड़ साबित करते हुए चौथी बार क्लब के मानद सचिव पद की जिम्मेदारी हासिल की है। वहीं जेएस सरना (शम्मी) को उपाध्यक्ष तथा मनीष सहगल (अनु) और नदीम अहमद खान (बॉबी) को संयुक्त सचिव चुना गया है।
डीके शर्मा का क्लब में लंबे समय से प्रभावशाली जुड़ाव रहा है। वह इससे पहले वर्ष 2010-11, 2014-16 और 2017-21 के दौरान तीन बार मानद सचिव रह चुके हैं। इसके अलावा जून 2016 से सितंबर 2017 तक क्लब के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। अब चौथी बार मानद सचिव बनने के साथ ही क्लब में उनकी मजबूत भूमिका एक बार फिर सामने आई है।
नैनी झील के किनारे स्थित बोट हाउस क्लब अपनी ऐतिहासिक विरासत, ब्रिटिशकालीन परंपराओं और नौकायन गतिविधियों के लिए देशभर में विशिष्ट पहचान रखता है। क्लब की नौ सदस्यीय कार्यकारिणी के लिए इस बार 16 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किए थे। छह प्रत्याशियों ने 6 नवंबर को नाम वापस ले लिया, जबकि विक्रम स्याल ने 10 नवंबर को अपनी उम्मीदवारी वापस ले ली। इसके बाद शेष नौ प्रत्याशियों को 14 नवंबर को निर्वाचित घोषित किया गया।
मतों में सुमित जेठी सबसे आगे
चुनाव में सुमित जेठी ने 663 मत हासिल कर पहला स्थान प्राप्त किया। डीके शर्मा को 637, शैलेंद्र सिंह चौहान को 633, जेएस सरना को 626, नदीम अहमद खान को 624 और मनीष सहगल को 593 मत मिले। इसके अलावा चौधरी धीर सिंह को 315, अखिल कुमार साह को 301 और शोएब अहमद को 293 मत प्राप्त हुए।
बोट हाउस क्लब की नई कार्यकारिणी के गठन के साथ ही अब क्लब की गतिविधियों और आगामी योजनाओं को लेकर नई टीम से उम्मीदें बढ़ गई हैं।
खबरी दाजू | हर खबर पर दाज्यू की नजर

