न्यूज

नैनीताल के पत्रकार डॉ. गिरीश रंजन तिवारी का राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ा मान, मिला उत्तराखंड गौरव सम्मान

नैनीताल के पत्रकार डॉ. गिरीश रंजन तिवारी का राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ा मान, मिला उत्तराखंड गौरव सम्मान

अमित शाह और मुख्यमंत्री धामी ने एक लाख रुपये की सम्मान राशि व प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित, पत्रकारिता और साहित्य जगत में खुशी की लहर

नैनीताल। पत्रकारिता, साहित्य और शिक्षण के क्षेत्र में अपनी लेखनी और विशिष्ट पहचान बनाने वाले वरिष्ठ पत्रकार एवं लेखक डॉ. गिरीश रंजन तिवारी को उत्तराखंड के प्रतिष्ठित ‘उत्तराखंड गौरव सम्मान’ से नवाजा गया है। उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के राज्योत्सव समारोह में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उन्हें प्रशस्ति पत्र एवं एक लाख रुपये की सम्मान राशि प्रदान कर सम्मानित किया। कुमाऊं विश्वविद्यालय के पत्रकारिता विभाग के पूर्व विभागाध्यक्ष डॉ. तिवारी की इस उपलब्धि से नैनीताल ही नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश के पत्रकारिता और साहित्य जगत में हर्ष का माहौल है।

डॉ. तिवारी को यह सम्मान पत्रकारिता, हिंदी लेखन, अध्यापन और समाज में हिंदी भाषा के प्रचार-प्रसार के लिए किए गए उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किया गया है। उनकी यह उपलब्धि उत्तराखंड की प्रतिभा और पत्रकारिता की राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत पहचान को भी रेखांकित करती है।

समारोह में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, गणेश जोशी, डॉ. धन सिंह रावत, सुबोध उनियाल, रेखा आर्य, सौरभ बहुगुणा, खजान दास, भारत सिंह चौधरी, मदन कौशिक, प्रदीप बत्रा, राम सिंह कैड़ा सहित अनेक जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। इसके अलावा पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी, डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, विजय बहुगुणा, तीरथ सिंह रावत, राज्यमंत्री प्रदीप टमटा, सांसद अजय भट्ट, अनिल बलूनी, दिनेश आर्य, त्रिवेंद्र सिंह रावत, विधायकगण, मुख्य सचिव, डीजीपी और वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी गूंज चुकी है डॉ. तिवारी की लेखनी

डॉ. गिरीश रंजन तिवारी की उपलब्धियों का सफर केवल प्रदेश और देश तक सीमित नहीं है। हिंदी लेखन, पत्रकारिता और हिंदी भाषा के प्रचार-प्रसार के लिए उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान और सम्मान मिल चुका है।

हाल ही में केंद्रीय गृह मंत्रालय के राजभाषा विभाग की ओर से आयोजित अखिल भारतीय राजभाषा सम्मेलन में उनकी पुस्तक ‘अतीत से वर्तमान तक : नैनीताल का सफर और गॉथिक राजभवन के निर्माण की अद्भुत गाथा’ के लिए उन्हें प्रतिष्ठित राजभाषा गौरव सम्मान प्रदान किया गया था। देशभर के 13 लेखकों को मिले इस सम्मान में उत्तराखंड से वह एकमात्र चयनित लेखक और राज्य के पहले सम्मानित पत्रकार थे।

डॉ. तिवारी की प्रमुख उपलब्धियां:

  • अमेरिका, हंगरी और मॉरीशस स्थित भारतीय दूतावासों से सम्मान।
  • थाईलैंड और सिंगापुर की प्रतिष्ठित संस्थाओं एवं विश्वविद्यालयों से सम्मानित।
  • पत्रकारिता विषय पर तीन पुस्तकों का लेखन।
  • मॉरीशस के राष्ट्रपति द्वारा राष्ट्रपति भवन में उनकी एक पुस्तक का विमोचन।
  • दो दर्जन से अधिक शोध पत्र प्रकाशित।
  • एक हजार से अधिक लेखों का प्रकाशन।
  • उत्तराखंड रत्न, आरटीआई अवार्ड, अंतरराष्ट्रीय भारत सम्मान और अचीवर्स अवार्ड सहित अनेक प्रतिष्ठित सम्मान।

डॉ. गिरीश रंजन तिवारी को उत्तराखंड गौरव सम्मान मिलना उनकी दशकों की साहित्यिक, पत्रकारिता और शैक्षणिक साधना का बड़ा सम्मान है। उनकी इस उपलब्धि ने नैनीताल का गौरव राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ाया है।

खबरी दाजू समाचार | Khabri Daju.com
हर खबर पर दाज्यू की नजर

Advertisement