नैनीताल न्यूज

दीयों से जगमगाएगा नैनीताल, नैनी झील में जलेंगे 18 हजार दीप

 

एक लाख दीयों से जगमगाएगा नैनीताल, नैनी झील में जलेंगे 18 हजार दीप

17 सितंबर से 18 अक्टूबर तक चलेगा ‘सेवा संकल्प अभियान’, सेवा-सुशासन से लेकर स्वास्थ्य और स्वच्छता तक होंगे कार्यक्रम

नैनीताल/हल्द्वानी, 16 सितंबर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्म दिवस के अवसर पर 17 सितंबर को नैनीताल समेत पूरे जिले में दीपों की रोशनी के साथ ‘सेवा संकल्प अभियान’ का आगाज होगा। जिले में करीब एक लाख दीये जलाए जाएंगे, जबकि नैनी झील में अकेले 18 हजार दीप प्रज्वलित कर विशेष आयोजन किया जाएगा। 17 सितंबर से शुरू होने वाला अभियान 18 अक्टूबर तक चलेगा।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में आयोजित होने वाले इस अभियान का उद्देश्य विकसित भारत-2047 के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के साथ ही सेवा, सुशासन, स्वच्छता, स्वास्थ्य और जनजागरूकता को जनभागीदारी से आगे बढ़ाना है।

जिलाधिकारी ललित मोहन रायल ने अभियान के सफल संचालन के लिए मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पाण्डेय को जनपद स्तरीय नोडल अधिकारी बनाया है। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए हैं।

दीपों से शुरू होगा अभियान

17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत अमृत सरोवरों, जन औषधि केंद्रों और प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। नैनी झील में 18 हजार दीप जलाए जाने से शहर का प्रमुख पर्यटन स्थल रोशनी से जगमगाएगा।

स्कूल-कॉलेजों में प्रतियोगिताएं

17 सितंबर से 18 अक्टूबर तक विद्यालयों और महाविद्यालयों में ‘मेरा सपनों का भारत’ विषय पर निबंध, चित्रकला, भाषण और पोस्टर प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। विकसित भारत-2047 और केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं पर चित्र प्रदर्शनियां भी लगाई जाएंगी।

गांवों तक पहुंचेगा सेवा का संदेश

ग्राम पंचायतों और शैक्षणिक संस्थानों में नुक्कड़ नाटक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए सरकारी योजनाओं और सेवा कार्यों की जानकारी दी जाएगी। ‘आंगन मिलन सेवा’ के माध्यम से आंगनबाड़ी एवं आशा कार्यकर्ता पोषण, मातृ-शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण और बाल विकास से जुड़ी जानकारी लोगों तक पहुंचाएंगी।

स्वच्छता से रक्तदान तक भागीदारी

‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत नागरिकों को स्वच्छता, वृक्षारोपण, शिक्षण, रक्तदान सहित समाजोपयोगी गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया जाएगा। वहीं ‘सेवा सेतु अभियान’ के तहत तहसील एवं विकासखंड स्तर पर स्वास्थ्य, बहुउद्देशीय और लाभार्थी शिविर लगाए जाएंगे।

गांधी जयंती पर खादी और लोकल उत्पादों पर जोर

2 अक्टूबर को गांधी जयंती के अवसर पर स्वदेशी एवं खादी अपनाने का संकल्प दिलाया जाएगा। ‘वोकल फॉर लोकल’ के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए जागरूकता कार्यक्रम होंगे। फिट इंडिया के तहत स्कूल-कॉलेजों में खेल, योग, दौड़ और विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।

जिलाधिकारी ने सभी नोडल अधिकारियों को कार्यक्रमों की प्रतिदिन रिपोर्ट, फोटो और वीडियो प्रशासन को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने जिलेवासियों से ‘सेवा संकल्प अभियान’ में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की है।

 

Advertisement