कैंची धाम जाने वालों के लिए बड़ी खबर, पार्किंग में खड़े होंगे वाहन, शटल से पहुंचेंगे श्रद्धालु
2 से 4 अक्टूबर तक विशेष ट्रैफिक प्लान लागू, भीमताल और भवाली से कैंची धाम भेजे जाएंगे पर्यटक
नैनीताल। वीकेंड और अवकाश के चलते कैंची धाम में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं और पर्यटकों की भीड़ को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने विशेष यातायात प्लान लागू किया है। 2 से 4 अक्टूबर तक सुबह 6 बजे से रात 8 बजे तक कैंची धाम, भवाली और भीमताल क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बदली रहेगी।
हल्द्वानी की ओर से भीमताल होते हुए कैंची धाम आने वाले पर्यटकों के निजी वाहन भीमताल विकास भवन पार्किंग में खड़े कराए जाएंगे। इसके बाद श्रद्धालुओं को शटल सेवा से भवाली होते हुए कैंची धाम भेजा जाएगा। वहीं नैनीताल और गेठिया की ओर से आने वाले वाहनों को भवाली सेनेटोरियम पार्किंग में खड़ा कराया जाएगा और यहां से भी श्रद्धालुओं को शटल सेवा से कैंची धाम पहुंचाया जाएगा।
पुलिस ने कैंची धाम और भवाली क्षेत्र में सड़क किनारे वाहनों की पार्किंग पर रोक लगाई है। पार्किंग भरने की स्थिति में वाहनों को वैकल्पिक पार्किंग की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
यातायात दबाव कम करने के लिए भारी वाहनों को भी आवश्यकतानुसार क्वारब-खैरना से रामगढ़-मुक्तेश्वर मार्ग की ओर डायवर्ट किया जाएगा। भवाली से पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले वाहनों को रामगढ़ और खुटानी मार्ग से भेजने की व्यवस्था भी की जा सकती है।
पुलिस ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों से अपील की है कि कैंची धाम तक निजी वाहन ले जाने के बजाय निर्धारित पार्किंग में वाहन खड़ा कर शटल सेवा का इस्तेमाल करें। इससे जाम से बचने के साथ ही कैंची धाम क्षेत्र में यातायात सुचारू बनाए रखने में मदद मिलेगी।






