नैनीताल। तीन दिन की छुट्टियों के चलते कैंची धाम में शनिवार को श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। बाबा नीम करौली महाराज के दर्शन के लिए देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। हनुमान अंश से जुड़ी फिल्म के बाद भी कैंची धाम और बाबा नीम करौली महाराज को लेकर लोगों में खासा रुझान देखने को मिल रहा है।
भारी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने से कैंची धाम जाने वाले मार्गों पर यातायात का दबाव बढ़ गया है। काठगोदाम, हल्द्वानी, भवाली, भीमताल और नैनीताल की ओर जाने वाले रास्तों पर भी कई स्थानों पर जाम की स्थिति बनी हुई है। यात्रियों को कैंची धाम पहुंचने में चार से पांच घंटे तक का समय लग रहा है।
कैंची धाम के आसपास श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच पुलिस और यातायात कर्मी व्यवस्था संभालने में जुटे हैं। मंदिर में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी हैं और पूरा क्षेत्र भक्तिमय नजर आ रहा है।






