बारिश ने बढ़ाई मुसीबत: हल्द्वानी में सबसे ज्यादा 40 मिमी बारिश, जिले में 17 मार्ग बाधित
नैनीताल। नैनीताल जिले में बारिश का दौर जारी है। बीते 24 घंटे में हल्द्वानी में सबसे अधिक 40 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं नैनीताल में 36 मिमी, बेतालघाट में 20 मिमी और श्री कैंचीधाम व खनसू (ओखलकांडा) में 18-18 मिमी बारिश हुई।
लगातार बारिश के चलते जिले में एक राज्य मार्ग समेत 17 सड़कें बाधित हैं। इनमें 16 ग्रामीण मार्ग शामिल हैं। गर्जिया-घुत्तियाधार-बेतालघाट राज्य मार्ग-62 सहित कई ग्रामीण मार्गों पर यातायात प्रभावित है।
संबंधित विभागों की टीमें मार्ग खोलने में जुटी हैं। प्रशासन ने 28 सितंबर तक बाधित मार्गों को खोलने का लक्ष्य रखा है। रिपोर्ट के अनुसार जिले में विद्युत एवं पेयजल व्यवस्था सामान्य बनी हुई है।






