नैनीताल मनोरंजन

राष्ट्रीय नाट्य महोत्सव में गूंजी देशभक्ति की भावना, नैनीताल में मंचित हुआ नुक्कड़ नाटक ‘हम भी हैं देशभक्त’

ख़बर शेयर करें

नैनीताल। संगीत नाटक अकादेमी के तत्वावधान में आयोजित राष्ट्रीय नाट्य महोत्सव-2026 के अंतर्गत बुधवार को राम सेवक सभा, मल्लीताल में प्रयोगांक नैनीताल द्वारा देशभक्ति पर आधारित नुक्कड़ नाटक ‘हम भी हैं देशभक्त’ का प्रभावशाली मंचन किया गया। शाम छह बजे शुरू हुई प्रस्तुति को दर्शकों ने खूब सराहा।

यह महोत्सव ‘वंदे मातरम्’ राष्ट्रगीत के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित किया जा रहा है। महोत्सव की विशेषता यह है कि देशभर में एक ही दिन और एक ही समय 28 राज्यों तथा 8 केंद्र शासित प्रदेशों के करीब 150 स्थानों पर देशभक्ति विषयक नाटकों का मंचन किया गया। 39 से अधिक भाषाओं और बोलियों में 4,000 से अधिक रंगकर्मियों ने इस आयोजन में भाग लिया। महाकवि कालिदास जयंती के अवसर पर भी इस आयोजन के माध्यम से उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

नैनीताल में प्रस्तुत नाटक ‘हम भी हैं देशभक्त’ का लेखन उमेश कांडपाल ‘सोनी’ ने किया, जबकि निर्देशन युवा रंगकर्मी रोहित वर्मा ने किया। नाटक में मुकेश धस्मान, नीरज डालाकोटी, मदन मेहरा, उमेश कांडपाल, रोहित वर्मा, पवन कुमार, नासिर अली, पंकज रंधावा और गौरव कुमार ने अपनी सशक्त अभिनय प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम के दौरान संगीत नाटक अकादेमी से प्रवीण कुमार दुरेजा ने उपस्थित होकर कलाकारों का उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर प्रयोगांक संस्था के संरक्षक मिथिलेश पांडे, एच.एस. राणा सहित संगीत नाटक अकादेमी से सम्मानित जहूर आलम, मंजूर हुसैन, राजेश आर्य, डी.के. शर्मा, अनिल कुमार, किशन लाल, अनवर रजा, मनोज साह, मोहित सनवाल, अकरम अली, खुर्शीद, अदिति खुराना समेत अनेक रंगकर्मी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *