नैनीताल। बीडी पांडे जिला अस्पताल के पीछे चार्टन लॉज क्षेत्र में हुए सड़क हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। लोगों ने अस्पताल मार्ग पर टैक्सी वाहनों के संचालन पर रोक लगाने और बिना फिटनेस वाले वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
सोमवार शाम नगर पालिका का कूड़ा वाहन (यूके 04 सीबी 5201) आवागढ़ क्षेत्र में कूड़ा उठाने जा रहा था। इसी दौरान चढ़ाई पर वाहन अचानक अनियंत्रित होकर पीछे लुढ़क गया और सड़क किनारे खड़ी एक कार से टकरा गया। हादसे में कार क्षतिग्रस्त हो गई और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहत की बात रही कि इस दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि पालिका के इस वाहन की फिटनेस वर्ष 2021 में ही समाप्त हो चुकी है। उनका कहना है कि इसके बावजूद वाहन सड़कों पर दौड़ रहा था, जिससे लोगों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं। लोगों ने प्रशासन और परिवहन विभाग पर भी लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि बिना फिटनेस वाले सरकारी वाहनों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है।
घटना के बाद क्षेत्रवासियों ने मांग की है कि अस्पताल मार्ग को केवल स्थानीय निवासियों और आपातकालीन सेवाओं के वाहनों के लिए आरक्षित किया जाए। साथ ही इस मार्ग पर टैक्सी वाहनों के संचालन पर रोक लगाने और सड़क किनारे अवैध पार्किंग के खिलाफ नियमित अभियान चलाने की भी मांग की गई है।
वहीं, कोतवाली प्रभारी राजेंद्र रावत ने बताया कि अस्पताल मार्ग पर सड़क किनारे खड़े टैक्सी वाहनों को हटाने की कार्रवाई लगातार की जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए स्थायी समाधान जरूरी है।
