नयना देवी मंदिर मार्ग पर दौड़ रहे दोपहिया वाहन, अस्पताल के बाहर अवैध पार्किंग से बढ़ी परेशानी
नैनीताल। शहर के प्रतिबंधित और सबसे व्यस्त क्षेत्रों में शामिल पंत पार्क से मां नयना देवी मंदिर तक दोपहिया वाहनों की आवाजाही लगातार जारी है। वहीं बीडी पांडे जिला अस्पताल के समीप सड़क पर टैक्सी वाहनों की बेतरतीब पार्किंग से मरीजों, तीमारदारों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नियमों की अनदेखी से दोनों स्थानों पर कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
जानकारी के अनुसार पंत पार्क से नयना देवी मंदिर तक स्थानीय लोगों के साथ-साथ पर्यटक भी बाइक और स्कूटी लेकर पहुंच रहे हैं। मंदिर के समीप दोपहिया वाहनों की पार्किंग से श्रद्धालुओं और पैदल चलने वालों की सुरक्षा पर खतरा बढ़ गया है। साथ ही मंदिर क्षेत्र में चल रहे निर्माण कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं।
बताया जा रहा है कि पहले इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित थी, लेकिन मंदिर माला मिशन के तहत हुए सौंदर्यीकरण के बाद यहां दोपहिया वाहनों की आवाजाही बढ़ गई है। पर्यटन सीजन और वीकेंड पर भी प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से स्थानीय लोगों में नाराजगी है।
उधर, बीडी पांडे जिला अस्पताल के समीप सड़क किनारे टैक्सी वाहनों की अवैध पार्किंग के कारण अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है। इससे मरीजों, तीमारदारों और यहां तक कि एंबुलेंस की आवाजाही भी प्रभावित होती है।
एसडीएम नवाजिश खलिक ने बताया कि पालिका और पुलिस की संयुक्त टीम जल्द विशेष अभियान चलाएगी। प्रतिबंधित क्षेत्र से दोपहिया वाहनों को हटाया जाएगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
