

नैनीताल। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नैनीताल पुलिस ने जनपद के सभी थाना, कार्यालयों और पुलिस इकाइयों में देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस धूमधाम और गरिमापूर्ण ढंग से मनाया। पुलिस लाइन नैनीताल में एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी और पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।
इस दौरान देश की आजादी के लिए संघर्ष करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों तथा राष्ट्र की सुरक्षा में अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर जवानों को श्रद्धापूर्वक याद किया गया। एसएसपी ने पुलिस कर्मियों से मजबूत सुरक्षा व्यवस्था के साथ लोकतंत्र की रक्षा करने और पूरी ईमानदारी व निष्ठा से अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
एसपी संचार को मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक
स्वतंत्रता दिवस समारोह में नैनीताल पुलिस के उत्कृष्ट एवं विशिष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को विभिन्न पदकों से सम्मानित किया गया। एसपी संचार रेवाधर मठपाल को मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक प्रदान किया गया।
इसके अलावा पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क सिल्वर से उप निरीक्षक चन्द्रशेखर और अपर उप निरीक्षक जानकी वर्मा को सेवा के आधार पर सम्मानित किया गया। वहीं अपर उप निरीक्षक हरीश चन्द्र को पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क गोल्ड प्रदान की गई।
विशिष्ट कार्य के लिए पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क सिल्वर से मुख्य आरक्षी विरेन्द्र राम, आरक्षी शंकर नाथ और उप निरीक्षक दिलीप सिंह को सम्मानित किया गया।
पूर्व में गणतंत्र दिवस 2026 पर घोषित पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क सिल्वर के तहत अपर पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार भट्ट, सीओ भवाली रविकांत सेमवाल और आरक्षी मुन्नी देवी लोहानी को भी एसएसपी द्वारा सम्मानित किया गया।
जिलेभर में गूंजा राष्ट्रभक्ति का जज्बा
एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र ने पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय नैनीताल, जबकि एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल ने पुलिस बहुद्देशीय भवन हल्द्वानी में ध्वजारोहण किया। जिले के अन्य राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों और अग्निशमन अधिकारियों ने भी अपने-अपने कार्यालयों, थानों एवं फायर स्टेशनों में तिरंगे को सलामी दी।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने सम्मानित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि पुलिस कर्मियों के उत्कृष्ट कार्यों को सम्मान मिलने से अन्य जवानों को भी बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने कहा कि नैनीताल पुलिस जनसेवा और सुरक्षा व्यवस्था के प्रति इसी प्रतिबद्धता के साथ आगे भी कार्य करती रहेगी।
