क्राइम नैनीताल

वायरल वीडियो ने खोली हुड़दंगियों की पोल, SSP के निर्देश पर 4 युवक गिरफ्तार

वायरल वीडियो ने खोली हुड़दंगियों की पोल, SSP के निर्देश पर 4 युवक गिरफ्तार

हल्द्वानी। दो नहरिया रोड पर सरेआम हुड़दंग मचाकर राहगीरों को डराने वाले युवकों के खिलाफ नैनीताल पुलिस ने कड़ी कार्रवाई की है। 14 अगस्त की शाम दो मोटरसाइकिलों पर सवार कुछ युवकों द्वारा हाथों में बेल्ट लहराकर राहगीरों और आमजन को भयभीत करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो सामने आते ही पुलिस ने मामले का तत्काल संज्ञान लिया।

SSP नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने आमजन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कोतवाली हल्द्वानी के प्रभारी निरीक्षक विजय मेहता को विशेष टीम गठित कर युवकों की पहचान करते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

पुलिस टीम ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य माध्यमों से आरोपियों की पहचान की। इसके बाद चार युवकों को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि जांच के दौरान दो नाबालिगों को संरक्षण में लिया गया। नाबालिगों की काउंसलिंग के बाद उन्हें परिजनों के सुपुर्द किया जा रहा है।

गिरफ्तार युवकों में सीतेश आर्य (25), गोपाल आर्य (30), कुणाल बिष्ट (22) और विशाल कुमार (27) निवासी दमुवाढूंगा शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक सीतेश आर्य शराब के नशे में पाया गया, जिसके खिलाफ शराब पीकर वाहन चलाने और हुड़दंग करने के संबंध में नियमानुसार कार्रवाई की गई है। अन्य युवकों के खिलाफ भी आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

दो मोटरसाइकिलें सीज

पुलिस ने मौके से संबंधित दोनों मोटरसाइकिलों को कब्जे में लेकर सीज कर दिया। इनमें एक बिना नंबर प्लेट की सीडी डीलक्स/प्लैटिना मोटरसाइकिल शामिल है, जिसके वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए। वहीं दूसरी रॉयल एनफील्ड UK04AS-4102 को भी पुलिस ने सीज कर दिया।

SSP की दो टूक—अराजकता करने वालों को नहीं बख्शेंगे

SSP नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने स्पष्ट संदेश दिया कि आमजन की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग, गुंडागर्दी, राहगीरों को डराने या कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर वायरल होने वाले ऐसे वीडियो, जिनमें सार्वजनिक शांति या कानून-व्यवस्था प्रभावित होती दिखाई दे, पुलिस के संज्ञान में आते ही तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक विजय मेहता, हे0का0 इसरार, का0 दिनेश नगरकोटी, का0 जगदीश और का0 अजहर शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *