दुर्घटना

अंधेरी रात में नहर में बहा युवक, पुलिस जवानों ने तेज बहाव में उतरकर बचाई जान

ख़बर शेयर करें

नैनीताल। काठगोदाम क्षेत्र में बीती रात एक बड़ा हादसा टल गया। कौलटैक्स नहर में बह रहे 35 वर्षीय युवक को नैनीताल पुलिस और फायर सर्विस की टीम ने अंधेरी रात और तेज बहाव के बीच साहसिक रेस्क्यू अभियान चलाकर सकुशल बाहर निकाल लिया।

जानकारी के अनुसार 20 अगस्त 2026 की रात करीब 10:30 बजे पुलिस को सूचना मिली कि काठगोदाम क्षेत्र के कौलटैक्स नहर में एक युवक बह गया है। युवक की पहचान नरोत्तम पुत्र पुरुषोत्तम (35), निवासी विकासपुरी, KG-2, दिल्ली के रूप में हुई।

सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक काठगोदाम जसवीर सिंह चौहान के निर्देशन में उपनिरीक्षक दलीप, उपनिरीक्षक कुमकुम और कांस्टेबल प्रताप गढ़िया तत्काल मौके पर पहुंचे। वहीं फायर सर्विस की टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गई।

नहर में तेज बहाव और रात के घने अंधेरे के बावजूद कांस्टेबल प्रताप गढ़िया और फायरमैन रविचंद्र रजवार ने अदम्य साहस दिखाते हुए नहर में उतरकर युवक की तलाश शुरू की। काफी प्रयासों के बाद दोनों जवानों ने युवक को तलाश लिया और उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

रेस्क्यू के बाद युवक को तत्काल उपचार के लिए डायल-112 वाहन से अस्पताल ले जाया गया। रास्ते में 108 एंबुलेंस मिलने पर युवक को एंबुलेंस में शिफ्ट किया गया और सुशीला तिवारी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।

पुलिस और फायर सर्विस की तत्परता एवं जवानों के साहस से युवक की जान बच गई। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस और फायर सर्विस टीम के इस साहसिक रेस्क्यू की जमकर सराहना की। इस दौरान मौके पर “उत्तराखंड पुलिस जिंदाबाद” के नारे भी गूंजे।

नैनीताल पुलिस की त्वरित कार्रवाई और जवानों की बहादुरी ने एक बार फिर मानवता और कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल पेश की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *