
नैनीताल। ऐतिहासिक नंदा देवी महोत्सव को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए नैनीताल पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजुनाथ टी.सी. के नेतृत्व में महोत्सव क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखा गया है। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस द्वारा सुरक्षा के साथ-साथ यातायात और भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
महोत्सव क्षेत्र और आसपास के इलाकों में ड्रोन कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी की जा रही है। पुलिस आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल करते हुए संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रख रही है, ताकि किसी भी स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।
भीड़ को नियंत्रित करने, यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने और महिला सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस की विभिन्न टीमें तैनात की गई हैं। सभी पुलिसकर्मी आपसी समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं।
नैनीताल पुलिस ने कहा कि महोत्सव के दौरान शांति, सुरक्षा और सौहार्द बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लगातार निगरानी एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा की जा रही है।
पुलिस ने आमजन एवं श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे महोत्सव के दौरान पुलिस-प्रशासन का सहयोग करें। किसी भी लावारिस वस्तु अथवा संदिग्ध व्यक्ति दिखाई देने पर तत्काल नजदीकी पुलिसकर्मी या कंट्रोल रूम को सूचना दें।
खबरी दाजू
हर खबर पर दाज्यू की नजर।


