उत्तराखण्ड धार्मिक

नंदा देवी महोत्सव का न्योता लेकर देहरादून पहुंची राम सेवक सभा, CM धामी को दिया आमंत्रण

ख़बर शेयर करें

राम सेवक सभा संग देहरादून पहुंचीं विधायक सरिता आर्या, CM धामी को दिया नंदा देवी महोत्सव का न्योता

मुख्यमंत्री को सपत्नीक उद्घाटन एवं पूजा में शामिल होने का आमंत्रण, गीता धामी समेत मंत्रियों और पर्यटन सचिव को भी दिया न्योता

नैनीताल। नैनीताल के ऐतिहासिक श्री नंदा देवी महोत्सव को लेकर श्री राम सेवक सभा और विधायक सरिता आर्या ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में विधायक सरिता आर्या एवं श्री राम सेवक सभा के प्रतिनिधिमंडल ने देहरादून पहुंचकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की और उन्हें श्री नंदा देवी महोत्सव के उद्घाटन एवं पूजा-अर्चना कार्यक्रम में सपत्नीक शामिल होने का निमंत्रण दिया।

श्री राम सेवक सभा के पूर्व अध्यक्ष मुकेश जोशी ने बताया कि संस्था की ओर से मुख्यमंत्री को विधिवत निमंत्रण पत्र सौंपा गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री से श्री नंदा देवी महोत्सव के कार्यक्रम के पोस्टर का विमोचन भी करवाया गया।

इसके बाद श्री राम सेवक सभा के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी गीता धामी से भी मुलाकात कर उन्हें महोत्सव के धार्मिक आयोजन में प्रतिभाग करने के लिए आमंत्रित किया।

विधायक सरिता आर्या ने इसके साथ ही पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक, नैनीताल के प्रभारी मंत्री खजान दास, कैबिनेट मंत्री भरत चौधरी, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी तथा पर्यटन सचिव धीराज सिंह गर्ब्याल से मुलाकात कर उन्हें भी श्री नंदा देवी महोत्सव का निमंत्रण दिया।

श्री राम सेवक सभा ने कहा कि नंदा देवी महोत्सव नैनीताल की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान से जुड़ा प्रमुख आयोजन है। महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। आयोजन को भव्य और गरिमामय बनाने के लिए सभा की ओर से तैयारियां की जा रही हैं।

इस दौरान श्री राम सेवक सभा के सदस्य हरीश राणा एवं सभासद मोंटू जोशी,सभासद आनंद बिष्ट भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *