जेल परिसर में बड़ी वारदात की साजिश नाकाम, हल्द्वानी पुलिस ने तीन आरोपियों को दबोचा
हल्द्वानी। हल्द्वानी जेल परिसर के पास एक व्यक्ति का पीछा कर कथित रूप से जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की CCTV फुटेज और सुरागरसी-पतारसी के आधार पर की गई कार्रवाई से संभावित बड़ी वारदात को समय रहते टाल दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 25 अगस्त को अराज सिंह सिद्धू निवासी दीहोरी फार्म, बाजपुर ने थाना हल्द्वानी में तहरीर दी। उन्होंने बताया कि 24 अगस्त को वह अपने मित्र से मिलने हल्द्वानी जेल आए थे। इसी दौरान सौरभ बावा, गुरूचरण उत्पल उर्फ गगन, मानव वाट और एक अन्य व्यक्ति सिल्वर रंग की वरना कार संख्या UK06R-8499 से उनका पीछा करते हुए जेल परिसर के पास पहुंचे और कथित तौर पर जान से मारने की धमकी दी।
तहरीर के आधार पर थाना हल्द्वानी में मु0अ0सं0 290/2026, धारा 61(2)/351(2)(3) BNS के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
CCTV खंगालकर आरोपियों तक पहुंची पुलिस
घटना की गंभीरता को देखते हुए SSP नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने तत्काल आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। एसपी नैनीताल मनोज कत्याल, क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक हल्द्वानी विजय सिंह मेहता के नेतृत्व में टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली और सुरागरसी-पतारसी की। पुलिस के मुताबिक मिले सुरागों के आधार पर तीनों आरोपियों को 25 अगस्त को गिरफ्तार कर लिया गया।
तीन आरोपी गिरफ्तार
- सौरभ बावा पुत्र रोशन लाल, निवासी बेरिया दौलत, बाजपुर, उम्र 24 वर्ष।
- मानव वाट पुत्र सरनजीत सिंह, निवासी दोराहा, बाजपुर, उम्र 24 वर्ष।
- गुरूचरण उत्पल उर्फ गगन पुत्र सुगदेव सिंह, निवासी बांसखेड़ी, केलाखेड़ा, उम्र 25 वर्ष।
पुलिस ने बताया कि तीनों आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी विभिन्न आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें हत्या, शस्त्र अधिनियम, मारपीट, बलवा और धमकी से संबंधित मामले शामिल हैं।
साथी पहले ही तमंचे के साथ हो चुका है गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार आरोपियों के साथी जतिन्द्र सिंह को 24 अगस्त को 315 बोर के अवैध तमंचे और एक जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
SSP डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने कहा कि नैनीताल पुलिस संगीन एवं संगठित अपराधों तथा आपराधिक गैंग पर लगातार नजर रख रही है। जेल परिसर, न्यायालय और अन्य संवेदनशील स्थानों पर किसी भी आपराधिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
