नैनीताल माउंटेन मैराथन में प्रभु महतो ने रचा इतिहास, केन्याई धावक को छोड़ा पीछे
21 किमी दौड़ में कोटद्वार के प्रभु प्रथम, महिला वर्ग में ज्योति ने हासिल किया पहला स्थान
नैनीताल। नैनीताल में आयोजित मानसून माउंटेन मैराथन में देश-विदेश के करीब 1400 धावकों ने प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। 21 किलोमीटर ओपन पुरुष वर्ग में कोटद्वार के प्रभु महतो
ने शानदार प्रदर्शन करते हुए केन्या के अंतरराष्ट्रीय धावक को पछाड़कर पहला स्थान हासिल किया।
प्रभु महतो ने 1 घंटा 21 मिनट 28 सेकेंड के शानदार समय में दौड़ पूरी की। केन्या के जॉन किसेल मुंडी दूसरे और मुकेश सिंह बोरा तीसरे स्थान पर रहे। प्रतियोगिता में 13 राज्यों के धावकों के साथ केन्या के अंतरराष्ट्रीय एथलीटों ने भी हिस्सा लिया।
महिला वर्ग में ज्योति प्रथम, भावना नेगी द्वितीय और एकता रावत तृतीय स्थान पर रहीं। वहीं 10 किलोमीटर सहित विभिन्न आयु वर्गों में भी धावकों ने शानदार प्रदर्शन किया।
मैराथन का आयोजन एलआईसी की ओर से किया गया। रविवार सुबह सात बजे एलआईसी के वरिष्ठ मंडल प्रबंधक आलोक कुमार सैनी ने मैराथन को हरी झंडी दिखाई। इस दौरान विपणन प्रबंधक एके चतुर्वेदी सहित अन्य आयोजक एवं अधिकारी मौजूद रहे।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि उत्तराखंड हाईकोर्ट के न्यायाधीश मनोज तिवारी समेत अन्य अतिथियों ने विजेता धावकों को मेडल और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। आयोजकों ने बताया कि इस बार मैराथन में केरल, महाराष्ट्र, गुजरात, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल, हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, राजस्थान, यूपी और मध्य प्रदेश समेत विभिन्न राज्यों से धावक पहुंचे थे।
Follow करें — Khabri Daju.com | हर खबर पर दाज्यू की नजर
