
नैनीताल। सोशल मीडिया पर खुद को भारतीय सेना की पैरा स्पेशल फोर्स का मेजर बताकर फर्जी तस्वीरें और Army ID प्रदर्शित करने वाले करीब 20 वर्षीय युवक का नैनीताल पुलिस की SOG टीम ने पर्दाफाश किया है। युवक इंटरनेट और AI/Google Gemini की मदद से सेना के अधिकारियों की वर्दी वाली तस्वीरों को मॉर्फ कर Instagram पर अपलोड करता था।
मामले का खुलासा उस समय हुआ जब 1 सितंबर 2026 को मिलिट्री इंटेलिजेंस के अधिकारियों ने एसओजी कार्यालय हल्द्वानी में सूचना दी कि रोहित सिंह मेहता नामक युवक Instagram पर खुद को भारतीय सेना की पैरा स्पेशल फोर्स का मेजर बताकर तस्वीरें और फर्जी पहचान पत्र प्रदर्शित कर रहा है। जांच में भारतीय सेना में उसके नाम का कोई रिकॉर्ड नहीं मिला।
सूचना की गंभीरता को देखते हुए SSP नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने SOG प्रभारी उपनिरीक्षक मोहन सिंह सौन के नेतृत्व में टीम गठित कर युवक की तलाश के निर्देश दिए। मोबाइल नंबर की लोकेशन के आधार पर पुलिस टीम ने युवक को Birla Opus Paint के गोदाम में कार्यरत पाया।
पूछताछ में युवक ने बताया कि उसने इंटरनेट और सोशल मीडिया से भारतीय सेना के अधिकारियों की वर्दी वाली तस्वीरें हासिल कीं और Artificial Intelligence/Google Gemini की सहायता से मॉर्फ्ड फोटो तैयार कीं। इसके बाद इन तस्वीरों को Instagram पर इस तरह अपलोड किया कि वह खुद को पैरा स्पेशल फोर्स का मेजर दिखा सके।
पुलिस पूछताछ में युवक ने कथित तौर पर बताया कि उसका उद्देश्य सोशल मीडिया पर फॉलोइंग बढ़ाना और युवतियों को प्रभावित करना था।
एसओजी ने उसके मोबाइल फोन की जांच की तो उसमें भारतीय सेना के अधिकारी की वर्दी वाली फोटो एवं वीडियो तथा फर्जी प्रतीत होने वाला Army Identity Card बरामद हुआ।
मामले में कोतवाली हल्द्वानी में धारा 168, 318(3) और 319(2) BNS के तहत आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई है। इसके साथ ही धारा 35(3) BNSS के तहत भी कार्रवाई की जा रही है।
ये सामान हुआ बरामद
- दो स्मार्ट मोबाइल फोन
- एक आधार कार्ड
- एक पैन कार्ड
- सेना के अधिकारी की वर्दी वाली फोटो एवं वीडियो
- फर्जी प्रतीत होने वाला Army Identity Card
हिरासत में लिया गया युवक: रोहित सिंह मेहता पुत्र खुशाल सिंह मेहता, उम्र करीब 20 वर्ष, निवासी ग्राम कानीकोट, तहसील पाटी, जनपद चम्पावत, हाल निवासी गोरापड़ाव, हल्द्वानी।
पुलिस टीम: SOG प्रभारी उपनिरीक्षक मोहन सिंह सौन, हेड कांस्टेबल कुंदन कठैत, हेड कांस्टेबल त्रिलोक सिंह, कांस्टेबल अशोक सिंह रावत एवं कांस्टेबल भूपेन्द्र सिंह ज्येष्ठा।
