रेलवे भूमि अतिक्रमण मामले में फैसले से पहले पुलिस बल की ब्रीफिंग, ड्रोन से होगी निगरानी; अफवाह और उपद्रव फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
नैनीताल, 08 सितंबर 2026। रेलवे भूमि अतिक्रमण मामले में माननीय सुप्रीम कोर्ट के महत्वपूर्ण फैसले से पहले नैनीताल पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। डॉ. मंजुनाथ टीसी के नेतृत्व में जिले में सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारियां की गई हैं।
बनभूलपुरा क्षेत्र में तैनात पुलिस बल को कोतवाली हल्द्वानी के मीटिंग हॉल में एसपी क्राइम/ट्रैफिक डॉ. जगदीश चंद्र की अध्यक्षता में ब्रीफ किया गया। अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों को न्यायालय के निर्णय के बाद किसी भी संभावित स्थिति से निपटने, कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा सरकारी कार्यवाही के दौरान पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
ब्रीफिंग के दौरान एसपी सिटी मनोज कत्याल, एसपी संचार/ऑफिस रेवाधर मठपाल, सीओ हल्द्वानी अमित कुमार सैनी, क्षेत्राधिकारी भवाली रविकांत सेमवाल, पुलिस उपाधीक्षक बलजीत सिंह भाकुनी, सीएफओ गौरव किरार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
भारी पुलिस बल रहेगा तैनात
सुप्रीम कोर्ट के निर्णय के बाद शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस एवं सुरक्षा बल तैनात किया गया है—
- सुपर जोन – 02
- जोन – 04
- एसपी – 02
- सीओ – 05
- इंस्पेक्टर/एसओ – 15
- आईसी/ओपी – 10
- एसआई/एडिशनल एसआई – 45
- एलएसआई/एडिशनल एलएसआई – 10
- हेड कांस्टेबल/कांस्टेबल – 182
- महिला हेड कांस्टेबल/कांस्टेबल – 47
- पीएसी – 02 कंपनी
- ड्रोन – 02 टीमें
👮 विशेष सुरक्षा टीमों की भी तैनाती
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए ड्रोन निगरानी की 02 विशेष टीमें, अग्निशमन विभाग की 04 यूनिट, यातायात पुलिस की 04 टीमें, 01 बम निरोधक दस्ता, हॉक पुलिस की 02 यूनिट, पुलिस लाइन के अतिरिक्त विशेष दस्ते, टियर गैस की 02 टीमें, एंटी रायट की 02 टीमें और फायरिंग स्क्वाड की 02 टीमें तैनात रहेंगी। आवश्यकता के अनुसार अन्य विशेष वाहन एवं संसाधनों को भी लगाया जाएगा।
🚁 आसमान से भी होगी निगरानी
पुलिस द्वारा क्षेत्र में धरातलीय और हवाई दोनों स्तरों पर निगरानी रखी जाएगी। ड्रोन के जरिए छतों, गलियों और संवेदनशील स्थानों पर नजर रखी जाएगी। साथ ही सोशल मीडिया गतिविधियों की भी सघन निगरानी की जाएगी।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अफवाह फैलाने, भड़काऊ पोस्ट डालने, लोगों को गुमराह करने या माहौल खराब करने का प्रयास करने वालों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
⚠️ छतों पर पत्थर-मलबा जमा करने वालों पर कार्रवाई
पुलिस ने चेतावनी दी है कि हिंसा या उपद्रव की नीयत से छतों पर पत्थर, रोड़ी, ईंट, मलबा, हथियार अथवा हथियारनुमा वस्तुएं जमा करने वालों के विरुद्ध तत्काल कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। किसी व्यक्ति या समूह द्वारा उपद्रव की तैयारी किए जाने पर पुलिस सख्ती से कार्रवाई करेगी।
🙏 पुलिस की आम जनता से अपील
नैनीताल पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि माननीय न्यायालय के निर्णय का सम्मान करें, शांति एवं सौहार्द बनाए रखें और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करें।
पुलिस ने कहा कि सोशल मीडिया पर भी पैनी नजर रखी जा रही है। अफवाह, भ्रामक अथवा आपत्तिजनक सूचनाएं प्रसारित करने और भड़काऊ बयानबाजी करने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
नैनीताल पुलिस की अपील—शांति बनाए रखें, कानून का सम्मान करें और जिम्मेदार नागरिक होने का परिचय दें।
Follow करें — Page Ganesh Chandra Kandpal | Khabri Daju.com | हर खबर पर दाज्यू की नजर।






