
नैनीताल। वीकेंड के चलते कैंची धाम समेत नैनीताल जिले के प्रमुख पर्यटन एवं धार्मिक स्थलों पर पर्यटकों और श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ गई है। कैंची धाम, नैनीताल, भीमताल और मुक्तेश्वर की ओर वाहनों का दबाव बढ़ने से विभिन्न मार्गों पर यातायात प्रभावित हुआ।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में नैनीताल पुलिस ने यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए प्रमुख मार्गों और पर्यटन स्थलों पर पुलिस बल तैनात किया है। थाना, चौकी, सीपीयू और ट्रैफिक पुलिस के जवान लगातार यातायात व्यवस्थित करने में जुटे हैं।
कैंची धाम में श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए डायवर्जन के साथ शटल सेवा संचालित की जा रही है। श्रद्धालुओं को शटल वाहनों से कैंची धाम भेजने के बाद कतारबद्ध तरीके से नीम करौली बाबा के दर्शन कराए जा रहे हैं। पुलिस की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जा रही है।
पुलिस ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों से निर्धारित कतार में चलने, अनावश्यक ओवरटेकिंग न करने, यातायात दबाव के दौरान धैर्य बनाए रखने और पुलिस कर्मियों के निर्देशों का पालन करने की अपील की है। साथ ही सड़क किनारे वाहन खड़ा न करने और निर्धारित पार्किंग स्थल का ही इस्तेमाल करने को कहा है।
पुलिस ने अपील की कि यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें, ताकि वीकेंड पर आने वाले हजारों पर्यटकों और श्रद्धालुओं की यात्रा सुगम बनी रहे।






